Reliance Share: रिकॉर्ड मुनाफे से रॉकेट बना रिलायंस का शेयर, 8% से ज्यादा उछला स्टॉक; 58% अपसाइड की उम्मीद
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को 8% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। कंपनी के रिकॉर्ड तिमाही नतीजों, O2C कारोबार की शानदार कमाई और जियो की ग्रोथ ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। इस बीच दिग्गज ब्रोकरेज फर्मों ने भी शेयर पर अपना भरोसा जताया है।

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के शेयर में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी का शेयर 8% से अधिक की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है।
दोपहर 2:20 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 8.24% या 95.85 रुपये की तेजी के साथ 1259.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 8.11% या 94.50 रुपये चढ़कर 1,259.40 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
क्यों है शेयर में तेजी?
सितंबर तिमाही के रिकॉर्ड नतीजों के बाद कंपनी का शेयरों में यह उछल देखने को मिला है। कंपनी के ऑयल टू केमिकल्स (O2C) बिजनेस में मजबूत प्रदर्शन, जियो की बढ़ती कमाई और ब्रोकरेज फर्मों की पॉजिटिव राय से शेयर को सपोर्ट मिला।
रिलायंस ने बनाया कमाई का नया रिकॉर्ड
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अब तक का सबसे मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया है। जुलाई से सितंबर के बीच कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर रिकॉर्ड 3.62 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी का EBITDA 24% बढ़कर 62,409 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 34% उछलकर 29,550 करोड़ रुपये रहा।
इस शानदार प्रदर्शन में O2C बिजनेस की बड़ी भूमिका रही। इस कारोबार का रेवेन्यू 44.2% बढ़कर 2.32 लाख करोड़ रुपये और EBITDA 67.9% बढ़कर 25,203 करोड़ रुपये पहुंच गया। रिफाइनिंग मार्जिन से जुड़ा ट्रांसपोर्टेशन फ्यूल क्रैक पिछले साल के मुकाबले तीन से 3.7 गुना बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
जियो की कमाई ने भी बढ़ाया भरोसा
रिलायंस के डिजिटल बिजनेस ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) का रेवेन्यू 11.3% बढ़कर 47,485 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, EBITDA 16.6% बढ़कर 21,879 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी को नए ग्राहक जुड़ने, प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) बढ़ने और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से फायदा मिला। जियो की यह ग्रोथ रिलायंस के टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा रही है।
ब्रोकरेज ने दिया 1,840 रुपये तक का टारगेट
मजबूत नतीजों के बाद गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) और नोमुरा (Nomura) ने रिलायंस के शेयर पर अपनी 'BUY' रेटिंग बरकरार रखी है।
गोल्डमैन सैक्स ने शेयर का टारगेट प्राइस 1,840 रुपये रखा है, जो शुक्रवार के 1,164.90 रुपये के बंद भाव से करीब 58% तेजी की संभावना दिखाता है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का दूसरी तिमाही का EBITDA उसके अनुमान से 9% ज्यादा रहा।
वहीं, नोमुरा ने शेयर के लिए 1,560 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, रिफाइनिंग से मजबूत कमाई के चलते कंपनी का तिमाही EBITDA पिछली तिमाही के मुकाबले 19% बढ़ा।
आगे क्या रह सकती है चुनौती?
हालांकि, ब्रोकरेज ने कुछ जोखिम भी बताए हैं। गोल्डमैन सैक्स के मुताबिक, दिसंबर तिमाही में कच्चे तेल की ढुलाई का खर्च बढ़ने से रिफाइनिंग मार्जिन पर दबाव आ सकता है। वहीं, रिलायंस रिटेल का प्रदर्शन त्योहारी मांग में बदलाव और डिजिटल कॉमर्स में निवेश के कारण अपेक्षाकृत कमजोर रहा।