क्रूज सेक्टर की इस कंपनी का बड़ा विस्तार! मुंबई और कोच्चि से एक साथ शुरू हुआ दो जहाजों का ऑपरेशन- स्टॉक में हलचल
क्रूज कारोबार से जुड़ी कंपनी ने अपने बिजनेस विस्तार को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। अब कंपनी एक साथ दो भारतीय शहरों से अपने जहाजों का संचालन कर रही है। इस कदम से यात्रियों को समुद्री सफर के नए ऑप्शन मिलेंगे।

क्रूज सर्विस देने वाली कंपनी वाटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड (Waterways Leisure Tourism Ltd) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है। कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसने अब मुंबई और कोच्चि से एक साथ दो जहाजों का ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
Cordelia Sky मुंबई से और Cordelia Empress कोच्चि से यात्राएं कर रही हैं। यह पहली बार है, जब कंपनी भारत में दो अलग-अलग होमपोर्ट से एक साथ दो जहाजों का संचालन कर रही है। कंपनी ने फाइलिंग में बताया कि इस विस्तार से कंपनी की यात्रियों को ले जाने की क्षमता बढ़ी है और घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय क्रूज यात्राओं के ऑप्शन भी बढ़ गए हैं।
Cordelia Sky कंपनी के बेड़े में शामिल नया जहाज है। इसने 23 अक्टूबर 2026 को यात्रियों के साथ अपनी पहली यात्रा शुरू की थी। अब यह मुंबई से छोटी और लंबी अवधि की कई क्रूज यात्राएं करेगा। इनमें दो और तीन रात की वीकेंड यात्राएं, चार रात की लक्षद्वीप यात्रा और गोवा तथा लक्षद्वीप को जोड़ने वाली पांच रात की यात्रा शामिल हैं।
Cordelia Empress ने कोच्चि से अपना संचालन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कोच्चि कंपनी के भारतीय नेटवर्क में एक नया होमपोर्ट बन गया है। इससे दक्षिण भारत के यात्रियों को क्रूज यात्रा के लिए एक नया प्रस्थान स्थल मिलेगा।
कंपनी के प्रेसिडेंट और सीईओ जुर्गेन बैलोम ने कहा कि दोनों जहाजों को एक साथ समुद्र में देखना कंपनी के लिए बेहद खास पल था। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले कंपनी ने भारतीयों के लिए क्रूज यात्रा को छुट्टियां बिताने का एक लोकप्रिय विकल्प बनाने के उद्देश्य से शुरुआत की थी। अब दो जहाजों और दो होमपोर्ट के साथ यात्रियों को ज्यादा जगहों पर जाने, अलग-अलग अवधि की यात्राएं चुनने और समुद्र में छुट्टियां बिताने के अधिक ऑप्शन मिलेंगे।
Waterways Leisure Tourism Share Price
कंपनी का शेयर आज दोपहर 3 बजे तक एनएसई पर 0.79% या 0.71 रुपये गिरकर 89.30 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 0.44% या 0.40 रुपये गिरकर 89.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।