गिरते बाजार में कैसे चुनें सही शेयर? दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने बताया खास फॉर्मूला

दिग्गज निवेशक विजय केडिया (Vijay Kedia) ने बिजनेस टुडे टीवी (BTTV) को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में इसी सवाल का जवाब दिया है। उन्होंने बताया कि बाजार में गिरावट के समय मल्टीबैगर शेयर खोजने के बजाय निवेशकों को उन कंपनियों पर ध्यान देना चाहिए, जिनमें आगे बड़ी गिरावट की आशंका कम हो।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

शेयर बाजार में गिरावट के दौरान निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर कौन से शेयर खरीदे जाएं, जो आगे चलकर अच्छा रिटर्न दे सकें। दिग्गज निवेशक विजय केडिया (Vijay Kedia) ने बिजनेस टुडे टीवी (BTTV) को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में इसी सवाल का जवाब दिया है। उन्होंने बताया कि बाजार में गिरावट के समय मल्टीबैगर शेयर खोजने के बजाय निवेशकों को उन कंपनियों पर ध्यान देना चाहिए, जिनमें आगे बड़ी गिरावट की आशंका कम हो।

विजय केडिया ने इसके लिए अपना खास RISE फॉर्मूला भी बताया। उनके मुताबिक, कुछ सेक्टर आने वाले वर्षों में निवेशकों के लिए अच्छे मौके पैदा कर सकते हैं।

गिरते बाजार में शेयर कैसे चुनें?

विजय केडिया ने कहा कि बाजार में गिरावट के दौरान मल्टीबैगर शेयरों की बात करना जल्दबाजी है। उन्होंने इसकी तुलना एक बीमार व्यक्ति से करते हुए कहा कि जैसे ICU में भर्ती मरीज को पहले ठीक होने की जरूरत होती है, उसी तरह निवेशकों को पहले अपने निवेश का जोखिम कम करने पर ध्यान देना चाहिए।

उनके मुताबिक, बाजार का सटीक निचला स्तर कोई नहीं बता सकता। लेकिन अगर कोई शेयर अपने ऊपरी स्तर से 40-50 फीसदी गिर चुका है और उसमें आगे बड़ी गिरावट की आशंका कम लगती है, तो निवेशक उस पर विचार कर सकते हैं।

क्या है विजय केडिया का RISE फॉर्मूला?

केडिया ने निवेश के लिए चार सेक्टर बताए, जिन्हें वह RISE कहते हैं।

R    Renewable Energy - रिन्यूएबल एनर्जी और बिजली से जुड़ी कंपनियां


I   Infrastructure - इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर


S  Security - साइबर सिक्योरिटी, फिजिकल सिक्योरिटी और डिफेंस


E  Emerging Themes - AI, ब्लॉकचेन, इलेक्ट्रिक कार, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर

विजय केडिया का मानना है कि आने वाले वर्षों में बिजली की बड़ी कमी हो सकती है। ऐसे में पावर सेक्टर और उससे जुड़ी दूसरी कंपनियों में निवेश के मौके बन सकते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इन सेक्टर के कई शेयर पहले ही काफी गिर चुके हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि खरीदते ही मुनाफा मिलने लगेगा। निवेश में धैर्य रखना जरूरी है।

डिफेंस और रेलवे शेयरों पर क्या कहा?

विजय केडिया डिफेंस और रेलवे सेक्टर के लंबी अवधि के भविष्य को लेकर सकारात्मक हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें घरेलू स्रोतों से करीब 2 लाख करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण खरीदने की योजना की बात कही गई थी।

एक्सपर्ट के मुताबिक, भारत के सामने सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां डिफेंस सेक्टर को महत्वपूर्ण बनाती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस सेक्टर के कई शेयर बाजार के मुकाबले महंगे हैं और आगे भी प्रीमियम वैल्यूएशन पर कारोबार कर सकते हैं।

सरकारी बैंकों के शेयर क्यों पसंद?

सरकारी कंपनियों में केडिया को खासतौर पर पब्लिक सेक्टर बैंक पसंद हैं। इसकी वजह इन बैंकों के मजबूत वित्तीय नतीजे हैं। उनके मुताबिक, कई सरकारी बैंक शेयर सिंगल डिजिट प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) रेशियो पर उपलब्ध थे। उनका मानना है कि ये शेयर भले ही तीन या चार गुना रिटर्न न दें, लेकिन मौजूदा बाजार में निवेशकों को कुछ सहारा और उचित रिटर्न की संभावना दे सकते हैं।

Read more!
Advertisement