टाइल्स बनाने वाली कंपनी की कमाई में बड़ा उछाल, प्रीमियम प्रोडक्ट्स का बढ़ा दबदबा; रडार पर स्टॉक

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट तीन गुना से ज्यादा बढ़कर 44 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 14.4 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

टाइल्स बनाने वाली कंपनी Varmora Granito Ltd का शेयर आज निवेशकों के रडार पर है। दरअसल कंपनी ने बीते सोमवार को बाजार बंद होने के बाद अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में सितंबर तिमाही के नतीजों के बारे में जानकारी दी थी।

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट तीन गुना से ज्यादा बढ़कर 44 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 14.4 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वहीं, कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 9 फीसदी बढ़कर 399 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 366.8 करोड़ रुपये था।

आज खबर लिखे जानें तक कंपनी का शेयर दोपहर 2:23 बजे तक 0.92% या 1.25 रुपये गिरकर 134.05 रुपये पर ट्रे़ड कर रहा था।

कंपनी की ऑपरेटिंग कमाई में भी सुधार

सितंबर तिमाही में Varmora Granito का EBITDA 19 फीसदी बढ़कर 68.3 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल यह 57.2 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA मार्जिन भी 14.7 फीसदी से बढ़कर 17 फीसदी हो गया।

खास बात यह है कि 29 सितंबर 2026 को शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद कंपनी के ये पहले तिमाही नतीजे हैं।

जून तिमाही की गिरावट से उबरी कंपनी

जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 2.9 फीसदी घटकर 315.3 करोड़ रुपये रहा था और मुनाफा 9.7 करोड़ रुपये था। हालांकि, सितंबर तिमाही में रेवेन्यू तिमाही आधार पर 27 फीसदी बढ़ा।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का रेवेन्यू 714.2 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 53.7 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भावेश वरमोरा के मुताबिक, पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण गुजरात के मोरबी में गैस महंगी हो गई थी। इसके चलते मार्च से अप्रैल के बीच टाइल्स फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित हुआ।

बढ़ती लागत की भरपाई के लिए कंपनी ने अलग-अलग प्रोडक्ट्स की कीमतें 18-19 फीसदी बढ़ाईं। इससे गैस की अतिरिक्त लागत की पूरी भरपाई हो गई। सितंबर तिमाही में गैस की औसत लागत घटकर 80.53 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर रह गई, जबकि जून तिमाही में यह 84.73 रुपये थी।

प्रीमियम टाइल्स से कंपनी को फायदा

वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी के कुल रेवेन्यू का 87 फीसदी हिस्सा प्रीमियम टाइल्स और तकनीकी प्रोडक्ट्स से आया। पिछले साल यह हिस्सेदारी 83 फीसदी थी।

कंपनी ने इस दौरान चार नए एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट खोले, जिससे इनकी संख्या 309 हो गई। इसके अलावा कंपनी ने 508 नए डिजाइन लॉन्च किए।

घरेलू कारोबार से रेवेन्यू 9 फीसदी बढ़कर 589.7 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, निर्यात से कमाई 18 फीसदी घटकर 124.5 करोड़ रुपये रह गई।

मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने की तैयारी

कंपनी ने असम के तेजपुर में अपनी Allemby Ceramics यूनिट से उत्पादन और बिक्री शुरू कर दी है। वहीं, कंपनी अपनी Solaris यूनिट को ग्लेज्ड विट्रिफाइड टाइल्स के उत्पादन के लिए अपग्रेड करने की योजना बना रही है।

Read more!
Advertisement