V2 Retail के ₹258 करोड़ के शेयरों की ब्लॉक डील! ब्रोकरेज MOFSL बुलिश - चेक करें टारगेट
ब्लॉक डील में शेयरों की कीमत 160 रुपये प्रति शेयर रही। यह पिछले बंद भाव 161.34 रुपये के मुकाबले 0.83 फीसदी डिस्काउंट पर थी। यह डील ऐसे समय हुई है, जब कंपनी ने हाल ही में सितंबर तिमाही के मजबूत कारोबारी नतीजे जारी किए हैं।

रिटेल सेक्टर की कंपनी V2 Retail Ltd के शेयरों में शुक्रवार को बड़ी ब्लॉक डील देखने को मिली। कंपनी की करीब 4.4 फीसदी हिस्सेदारी छह ब्लॉक डील के जरिए खरीदी-बेची गई। इस दौरान कुल 1.61 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ, जिनकी कुल वैल्यू करीब 258 करोड़ रुपये रही।
ब्लॉक डील में शेयरों की कीमत 160 रुपये प्रति शेयर रही। यह पिछले बंद भाव 161.34 रुपये के मुकाबले 0.83 फीसदी डिस्काउंट पर थी। यह डील ऐसे समय हुई है, जब कंपनी ने हाल ही में सितंबर तिमाही के मजबूत कारोबारी नतीजे जारी किए हैं।
तिमाही नतीजों में कैसा रहा प्रदर्शन?
V2 Retail का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़ा। कंपनी के रिटेल एरिया में 65 फीसदी और बिक्री की मात्रा यानी वॉल्यूम में 31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
इस दौरान कंपनी का ग्रॉस मार्जिन सालाना आधार पर 310 बेसिस पॉइंट बढ़कर 31.1 फीसदी पहुंच गया। कम डिस्काउंट देने से मार्जिन को फायदा मिला। वहीं कंपनी का रिपोर्टेड EBITDA सालाना आधार पर 41 फीसदी बढ़ा और अनुमान से करीब 20 फीसदी ज्यादा रहा।
427 स्टोर से 2,000 स्टोर तक पहुंचने का लक्ष्य
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (MOFSL) के मुताबिक, V2 Retail के कारोबार का विस्तार होने से उसकी मुनाफा कमाने की क्षमता में सुधार आया है।
कंपनी का प्री-IND AS मार्जिन वित्त वर्ष 2022 के 2 फीसदी से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 9 फीसदी पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू पांच गुना हो गया।
फिलहाल कंपनी के 427 स्टोर हैं और उसका लंबी अवधि का लक्ष्य 2,000 स्टोर तक पहुंचना है। कंपनी के पास हर साल 150 से ज्यादा नए स्टोर खोलने की क्षमता वाला बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर भी है। ब्रोकरेज का मानना है कि छोटे शहरों, खासकर टियर-2 और टियर-3 मार्केट में कंपनी के पास कारोबार बढ़ाने के अच्छे मौके हैं।
ब्रोकरेज ने दिया ₹200 का टारगेट
MOFSL ने 4 नवंबर की रिपोर्ट में V2 Retail पर अपनी BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए 200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
ब्रोकरेज को वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी के रेवेन्यू में सालाना औसतन 35 फीसदी, प्री-IND AS EBITDA में 33 फीसदी और एडजस्टेड नेट प्रॉफिट में 39 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
हालांकि, ब्रोकरेज ने नए स्टोरों के मुनाफे में आने की रफ्तार और कंपनी की बैलेंस शीट पर नजर रखने की सलाह भी दी है। उसके मुताबिक, पुराने स्टोरों की बिक्री में लगातार सुधार और नए स्टोरों का जल्दी बेहतर प्रदर्शन करना शेयर के लिए अहम साबित हो सकता है।