आईपीओ की तैयारी में जुटी इस कंपनी की बंपर कमाई! मुनाफा लगभग दोगुना - यहां देखें पूरी डिटेल
शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी कर रही Transline Technologies के नए वित्तीय नतीजों ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। चेक करें पूरी डिटेल

शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी कर रही Transline Technologies के नए वित्तीय नतीजे सामने आए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कारोबार और मुनाफा दोनों बढ़े हैं। कंपनी का रेवेन्यू 31.6% बढ़कर ₹488.46 करोड़ पहुंच गया, जबकि नेट प्रॉफिट में 45.4% की तेजी आई और यह ₹70.28 करोड़ हो गया। हालांकि, रेवेन्यू बढ़ने की रफ्तार पिछले साल के मुकाबले धीमी पड़ी है।
कंपनी का परिचालन राजस्व वित्त वर्ष 2023-24 में ₹225.89 करोड़ था। अगले वित्त वर्ष में यह बढ़कर ₹371.08 करोड़ और 2025-26 में ₹488.46 करोड़ पहुंच गया। हालांकि, रेवेन्यू ग्रोथ वित्त वर्ष 2024-25 के 64.3% से घटकर 2025-26 में 31.6% रह गई।
मुनाफे में 45% की तेजी, मार्जिन भी सुधरा
रेवेन्यू ग्रोथ धीमी पड़ने के बावजूद कंपनी की कमाई में अच्छी तेजी देखने को मिली। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹48.33 करोड़ था, जो 2025-26 में बढ़कर ₹70.28 करोड़ पहुंच गया।
इस दौरान मुनाफा ₹21.95 करोड़ बढ़ा। वहीं, नेट प्रॉफिट मार्जिन भी करीब 13% से सुधरकर 14.4% हो गया। वित्त वर्ष 2023-24 के ₹35.47 करोड़ के मुकाबले कंपनी का मुनाफा लगभग दोगुना हो चुका है।
IPO से कंपनी को नहीं मिलेगा पैसा
Transline Technologies ने अगस्त 2025 में IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए थे। प्रस्तावित IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसके तहत मौजूदा शेयरधारक अधिकतम 1,61,91,500 शेयर बेचेंगे।
शेयर बेचने वालों में Amita Gupta, RKG Enterprises Private Limited, Arun Gupta HUF और Rahul Jain शामिल हैं।
सरकारी प्रोजेक्ट्स पर भी है निर्भरता
ट्रांसलाइन टेक्नोलॉजीज की कमाई का बड़ा हिस्सा सरकारी ग्राहकों से आता है। वित्त वर्ष 2024-25 में सरकारी विभागों और पब्लिक सेक्टर कंपनियों की हिस्सेदारी कुल रेवेन्यू में करीब 66.03% रही।
कंपनी रिटेल, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंडस्ट्रियल सेक्टर की प्राइवेट कंपनियों को भी सेवाएं देती है। हालांकि, सरकारी प्रोजेक्ट्स पर ज्यादा निर्भरता के कारण सरकारी खर्च और टेंडर प्रक्रिया में बदलाव का असर कारोबार पर पड़ सकता है।