Tata Tech के शेयर में 3% से ज्यादा तेजी, टाटा ट्रस्ट से जुड़ी खबर पर कंपनी ने दिया स्पष्टीकरण; जानें पूरा मामला
टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयरों में आज 3% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। यह तेजी ऐसे समय आई है जब टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट के बाद कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। कंपनी ने एक्सचेंज को दिए जवाब में कई अहम बातों पर अपनी स्थिति साफ की है।

आईटी कंपनी, टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (Tata Technologies Ltd) के शेयर में आज 3% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। स्टॉक में यह तेजी कंपनी द्वारा एक स्पष्टीकरण जारी करने के बाद आया है।
दरअसल स्टॉक एक्सचेंज ने कंपनी के शेयर में हो रही गिरावट पर छपे एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए स्पष्टीकरण मांगा था जिसका कंपनी ने आज जवाब दिया है। दोपहर 12:13 बजे तक कंपनी का शेयर एनएसई पर 3.13% या 21.50 रुपये की तेजी के साथ 708.25 रुपये कारोबार कर रहा था और बीएसई पर शेयर 3% या 20.60 रुपये की तेजी के साथ 708.35 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
क्या था मामला?
दरअसल मीडिया में ऐसी खबरें चल रही थीं कि टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस की लिस्टिंग से बचने के लिए स्ट्रैटेजिक री-कास्ट प्लान पेश किया है जिसके बाद शेयर में गिरावट देखने को मिल रही थी।
कंपनी ने स्पष्टीकरण देते हुए अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में सभी सवालों का जवाब दिया है।
1) सवाल: क्या कंपनी के स्तर पर ऐसी कोई बातचीत चल रही थी? अगर हां, तो बातचीत शुरू होने से लेकर अब तक की पूरी जानकारी और घटनाक्रम क्रमवार बताने को कहा गया था।
कंपनी का जवाब: कंपनी ने कहा कि उसे ऐसी किसी बातचीत (Negotiations) की जानकारी नहीं है।
2) सवाल: क्या कंपनी को ऐसी किसी जानकारी के बारे में पता था, जिसे अभी तक स्टॉक एक्सचेंजों के सामने घोषित नहीं किया गया है और जो शेयर में हुई ट्रेडिंग गतिविधि की वजह समझा सकती है?
कंपनी का जवाब: कंपनी ने कहा कि उसे ऐसी किसी भी जानकारी की जानकारी नहीं है, जिसे स्टॉक एक्सचेंजों के सामने घोषित नहीं किया गया हो।
3) सवाल: अगर किसी तरह की नियामकीय या कानूनी कार्यवाही शुरू हुई है, तो उसके शुरू होने और उसके नतीजे की जानकारी देने को कहा गया था।
कंपनी का जवाब: कंपनी ने कहा कि उसे किसी भी रेगुलेटरी या कानूनी कार्यवाही शुरू होने की जानकारी नहीं है।
4) सवाल: कंपनी से पूछा गया था कि अगर ऊपर बताई गई कोई जानकारी मौजूद थी, तो उसे SEBI Listing Obligations and Disclosure Requirements (LODR) Regulations, 2015 के Regulation 30 के तहत स्टॉक एक्सचेंज को क्यों नहीं बताया गया।
कंपनी का जवाब: कंपनी ने कहा कि यह सवाल लागू नहीं होता, क्योंकि ऊपर बताए गए कारणों के मुताबिक कंपनी को ऐसी किसी जानकारी या बातचीत की जानकारी ही नहीं है।
5) सवाल: क्या मीडिया की खबर को कंपनी गलत मानती है?
कंपनी का जवाब: कंपनी ने सीधे तौर पर खबर को गलत नहीं बताया। उसने कहा कि क्योंकि उसे खबर में बताई गई बातचीत के बारे में कोई जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है।