APL Apollo में 52.6% तक हिस्सेदारी खरीदेगी Tata Steel! ₹32,266 करोड़ की डील से शेयर में हलचल
Tata Steel और APL Apollo Tubes के बीच ₹32,266 करोड़ तक की बड़ी डील का ऐलान हुआ है। इसके तहत Tata Steel प्रमोटर्स की हिस्सेदारी खरीदेगी और ओपन ऑफर भी लाएगी। हालांकि, इस खबर के बाद दोनों कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। जानिए डील की पूरी जानकारी और ब्रोकरेज की राय।

टाटा ग्रुप की कंपनी Tata Steel और APL Apollo Tubes के शेयर सोमवार को फोकस में हैं। दोनों कंपनियों ने एक बड़ी रणनीतिक डील के लिए समझौते किए हैं। इसके तहत Tata Steel, APL Apollo Tubes में प्रमोटर्स की पूरी 26.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी।
इसके अलावा कंपनी अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर भी लाएगी। इस डील के जरिए दोनों कंपनियां स्टील ट्यूब्स और कलर कोटेड स्टील प्रोडक्ट्स के कारोबार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।
फिलहाल खबर लिखे जानें तक सुबह 9:48 बजे तक APL Apollo Tubes का शेयर एनएसई पर 13.33% या 282.90 रुपये गिरकर 1,838.70 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसके अलावा Tata Steel का शेयर इसी समय तक एनएसई पर 5.13% या 9.14 रुपये गिरकर 168.86 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
₹15,510 करोड़ में खरीदेगी प्रमोटर्स की हिस्सेदारी
Tata Steel ने APL Apollo Tubes में 26.6 फीसदी प्रमोटर हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौता किया है। यह सौदा 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर होगा और इसकी कुल कीमत 15,510 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा Tata Steel अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ओपन ऑफर लाएगी। इस ऑफर की कुल कीमत 16,756 करोड़ रुपये होगी। यानी दोनों सौदों की कुल संभावित रकम 32,266 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
APL Apollo को मिलेगा Tata Steel का कारोबार
इस समझौते के तहत Tata Steel अपना स्टील ट्यूब्स और कलर कोटेड कारोबार APL Apollo को बेचेगी। APL Apollo की मौजूदा उत्पादन क्षमता 50 लाख टन सालाना है। डील पूरी होने और जरूरी रेगुलेटरी मंजूरियां मिलने के बाद संयुक्त कारोबार की क्षमता बढ़कर 75 लाख टन सालाना हो जाएगी।
Tata Steel के मुताबिक, इससे उत्पादन लागत घटाने, क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मजबूत करने में मदद मिलेगी।
50 लाख टन की नई क्षमता बनाने की तैयारी
Tata Steel आने वाले वर्षों में स्टील ट्यूब्स कारोबार की क्षमता 30 लाख टन और बढ़ाना चाहती है। साथ ही कलर कोटेड प्रोडक्ट्स के लिए 50 लाख टन की क्षमता तैयार करने की योजना है।
इसके लिए APL Apollo के प्रमोटर ग्रुप से जुड़ी SG Tech Engineering के साथ समझौता हुआ है। कंपनी भारत के अलग-अलग हिस्सों में कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी। पहली 10 लाख टन क्षमता अगले 24 महीनों में तैयार होने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज ने डील पर क्या कहा?
Emkay Global ने इस डील को Tata Steel के लिए बड़ा रणनीतिक बदलाव बताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, डील से पूंजी मिलने का फायदा होगा, लेकिन कंपनी को 16,100 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू देने वाले कारोबार से बाहर निकलने के असर को भी देखना होगा।
वहीं, APL Apollo के लिए यह डील कारोबार बदलने वाली साबित हो सकती है। इससे कंपनी का रेवेन्यू बेस करीब 70 फीसदी बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, Emkay Global ने फंडिंग पर सवाल उठाए हैं। सितंबर तिमाही में APL Apollo के पास 1,150 करोड़ रुपये की नकदी थी, जबकि उसकी नेटवर्थ 5,740 करोड़ रुपये थी।