इस टाटा स्टॉक पर ब्रोकरेज Citi का बड़ा भरोसा! 41% अपसाइड की उम्मीद - चेक करें टारगेट
Citi के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में टाटा पावर ने स्थिर प्रदर्शन किया। कंपनी की आय 6 फीसदी बढ़कर 19,100 करोड़ रुपये रही, जबकि EBITDA 8 फीसदी बढ़कर 3,900 करोड़ रुपये और PAT 11 फीसदी बढ़कर 1,200 करोड़ रुपये पहुंच गया। ये आंकड़े मोटे तौर पर ब्लूमबर्ग के अनुमान के अनुरूप रहे।

ब्रोकरेज फर्म Citi ने टाटा पावर पर अपना पॉजिटिव रुख बरकरार रखा है। कंपनी के कारोबार में पिछले कुछ साल से लगातार हो रहे बदलाव और कम उतार-चढ़ाव वाले बिजनेस की बढ़ती हिस्सेदारी को देखते हुए ब्रोकरेज ने शेयर पर 'Buy' रेटिंग कायम रखी है। Citi ने टाटा पावर के लिए 525 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मंगलवार के बंद भाव 371.25 रुपये से करीब 41.41 फीसदी की संभावित तेजी दिखाता है।
Q1 नतीजों से मिला भरोसा
Citi के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में टाटा पावर ने स्थिर प्रदर्शन किया। कंपनी की आय 6 फीसदी बढ़कर 19,100 करोड़ रुपये रही, जबकि EBITDA 8 फीसदी बढ़कर 3,900 करोड़ रुपये और PAT 11 फीसदी बढ़कर 1,200 करोड़ रुपये पहुंच गया। ये आंकड़े मोटे तौर पर ब्लूमबर्ग के अनुमान के अनुरूप रहे।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के सभी प्रमुख बिजनेस सेगमेंट में मुनाफे में बढ़ोतरी देखने को मिली। साथ ही, मजबूत बैलेंस शीट आने वाले वर्षों में तेज ग्रोथ के लिए पर्याप्त गुंजाइश देती है।
कैपेक्स और क्षमता विस्तार पर फोकस
Citi के अनुसार टाटा पावर ने पहली तिमाही में 5,400 करोड़ रुपये का कैपेक्स किया, जो पूरे वित्त वर्ष के 25,000 करोड़ रुपये के लक्ष्य के अनुरूप है। मैनेजमेंट को उम्मीद है कि दूसरी तिमाही में यह बढ़कर 6,000-6,500 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। इसकी वजह 800-900 मेगावाट नई क्षमता का कमीशन होना और ट्रांसमिशन व पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं में तेजी है।
मुंद्रा और ओडिशा कारोबार पर अपडेट
ब्रोकरेज के मुताबिक मुंद्रा प्लांट फिलहाल सेक्शन 11 के तहत संचालित हो रहा है और सप्लीमेंट्री पावर परचेज एग्रीमेंट (SPPA) के तहत बिजली की बिलिंग की जा रही है। गुजरात के साथ समझौता पहले ही हो चुका है, जबकि प्रबंधन को उम्मीद है कि अगस्त के दौरान तीन अन्य राज्यों से भी मंजूरी मिल जाएगी।
वहीं, ओडिशा के डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार में पहली तिमाही के दौरान सरकारी भुगतान में देरी और हीटवेव के दौरान उपभोक्ताओं के कनेक्शन नहीं काटे जाने जैसी वजहों से कलेक्शन प्रभावित रहा। हालांकि प्रबंधन का कहना है कि यह केवल समय का अंतर है और दूसरी तिमाही में अधिकांश बकाया राशि वसूल होने की उम्मीद है।
रूफटॉप सोलर कारोबार में तेज रफ्तार
Citi ने कहा कि टाटा पावर का रूफटॉप सोलर कारोबार मजबूत गति से बढ़ रहा है। पहली तिमाही में इस कारोबार से 1,350 करोड़ रुपये की आय हुई, जो सालाना आधार पर 64 फीसदी अधिक है। प्रबंधन को पूरे FY27 में करीब 60 फीसदी ग्रोथ की उम्मीद है। कंपनी का लक्ष्य बाजार हिस्सेदारी को मौजूदा 12-13 फीसदी से बढ़ाकर करीब 25 फीसदी तक ले जाना है। बैटरी स्टोरेज को रूफटॉप सोलर समाधान के साथ जोड़ने से कारोबार के अवसर और बढ़ने की उम्मीद है।