बड़ा ऑर्डर मिलते ही दौड़ा टाटा मोटर्स का शेयर! दो हफ्तों में 11% चढ़ा भाव - चेक करें डिटेल्स
बाजार खुलते ही टाटा मोटर्स का शेयर 1.8% बढ़कर 409.25 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, पिछले दो हफ्तों में यह शेयर करीब 11% चढ़ चुका है। कारोबार के दौरान इसमें 5% तक की तेजी भी दर्ज की गई।

Tata Motors Share: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा मोटर्स (TMCV) के शेयरों में आज जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है। कंपनी ने बताया कि उसे अलग-अलग कैटेगरियों में 3,400 से ज्यादा इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल (eCV) के ऑर्डर मिले हैं।
बाजार खुलते ही टाटा मोटर्स का शेयर 1.8% बढ़कर 409.25 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, पिछले दो हफ्तों में यह शेयर करीब 11% चढ़ चुका है। कारोबार के दौरान इसमें 5% तक की तेजी भी दर्ज की गई। फिलहाल खबर लिखे जानें तक शेयर सुबह 10:23 बजे तक बीएसई पर 0.76% या 3.05 रुपये चढ़कर 405 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 0.72% या 2.90 रुपये चढ़कर 405 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
किन वाहनों के मिले ऑर्डर?
कंपनी के मुताबिक, कुल ऑर्डरों में करीब 2,000 स्मॉल कमर्शियल व्हीकल (SCV) और पिक-अप वाहन शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 900 ट्रकों और करीब 500 इलेक्ट्रिक बसों के ऑर्डर मिले हैं।
इन वाहनों का इस्तेमाल ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, एफएमसीजी, एफएमसीडी डिस्ट्रीब्यूशन और इंट्रा-सिटी मोबिलिटी जैसे सेक्टर्स में किया जाएगा। वहीं, सीमेंट, स्टील, माइनिंग और टरमैक ऑपरेशंस जैसे सेक्टरों से भी अच्छी मांग देखने को मिली है।
इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल कारोबार पर बड़ा फोकस
टाटा मोटर्स ने कहा कि पिछले 12 महीनों में उसने अपने इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो को काफी मजबूत किया है। कंपनी ने अलग-अलग जरूरतों और उपयोग को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी के कई ईवी मॉडल लॉन्च किए हैं।
स्मॉल कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में Ace Pro EV, Ace EV और Intra EV जैसे मॉडल लास्ट-माइल और शहर के भीतर डिलीवरी सेवाओं में मदद कर रहे हैं। वहीं, Ultra EV रेंज (7-12 टन), Prima EV 55T ट्रैक्टर और Prima EV 28T टिपर के जरिए कंपनी ने भारी माल ढुलाई वाले सेगमेंट में भी अपनी पकड़ मजबूत की है।
कंपनी के मुताबिक, उसकी 3,800 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें देश के कई शहरों में चल रही हैं और अब तक 55 करोड़ किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुकी हैं।
इसके अलावा 17,000 से ज्यादा Tata eSCV पहले से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कंपनी का कहना है कि यह आंकड़ा अलग-अलग इलाकों और उपयोग के मामलों में इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बढ़ती स्वीकार्यता को दिखाता है।
चार्जिंग और फाइनेंसिंग नेटवर्क पर भी जोर
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए टाटा मोटर्स ने मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया है। कंपनी 14 से ज्यादा चार्ज प्वाइंट ऑपरेटरों के साथ साझेदारी कर चुकी है।
इसके साथ ही बैंक और एनबीएफसी के जरिए ईवी फाइनेंसिंग, Fleet Edge आधारित फ्लीट मैनेजमेंट और अपटाइम एश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कंपनी का मानना है कि ये पहल इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों को कारोबारियों के लिए ज्यादा आसान, व्यावहारिक और किफायती विकल्प बना रही हैं।