मंगलवार को सेंसेक्स-निफ्टी में अच्छी तेजी, सोना-चांदी भी चमके; इन शेयरों में अधिक हलचल

भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। मंगलवार को सेंसेक्स करीब 350 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी भी बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। सोना-चांदी की कीमतों में भी उछाल आया और रुपया मजबूत हुआ।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार की तेजी मंगलवार को भी जारी रही। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी ने शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की। सुबह 10:40 बजे तक सेंसेक्स 0.43% या 349.66 अंक चढ़कर 82,454.45 अंक पर कारोबार कर रहा था और निफ्टी 0.34% या 87.10 पॉइट चढ़कर 25,378.20 अंक पर कारोबार कर रहा था।

मंगलवार को सिर्फ शेयर बाजार ही नहीं, सोना-चांदी की कीमतों में जारी गिरावट पर भी ब्रेक लगा है। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी मजबूत होकर खुला।

इन 10 शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल

शुरुआती कारोबार में लार्जकैप शेयरों में इंडिगो 1.50%, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.10% और एशियन पेंट्स करीब 1% चढ़े।

मिडकैप शेयरों में लॉरस लैब्स 2.10%, डिक्सन टेक्नोलॉजीज 2%, अल्केम लैबोरेटरीज 1.90%, सुंदरम फाइनेंस 1.60% और फीनिक्स लिमिटेड 1.40% की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।

वहीं, टाटा केमिकल्स में 5.60% और केफिन टेक्नोलॉजीज में 4.50% की बढ़त देखने को मिली।

सोना-चांदी की कीमतों में लौटी तेजी

शेयर बाजार के साथ कमोडिटी मार्केट में भी तेजी दिखी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव पिछले बंद 1,67,863 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 1,70,129 रुपये पर पहुंच गया।

इसी तरह सोने का वायदा भाव 1,34,539 रुपये से चढ़कर 1,35,341 रुपये हो गया। इससे कीमती धातुओं में पिछले कुछ समय से जारी गिरावट पर फिलहाल ब्रेक लगता नजर आया।

डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत

मंगलवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.72 पर खुला। सोमवार को यह 93.92 पर बंद हुआ था। इस तरह शुरुआती कारोबार में रुपये में 20 पैसे की मजबूती आई।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेश करीब 10 अरब डॉलर के रिकॉर्ड मासिक स्तर के करीब पहुंच गया है। मजबूत विदेशी निवेश से रुपये को सहारा मिला है।

Read more!
Advertisement