दो साल से बाजार ने किया परेशान! अब निवेशकों के लिए बदल सकती है तस्वीर, जानें क्या बोले फंड मैनेजर

शेयर बाजार में लगातार जारी उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। व्हाइटओक कैपिटल के CEO आशीष पी. सोमैया का मानना है कि आने वाले महीनों में निवेश के नए मौके बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात में किन शेयरों और निवेश रणनीतियों पर ध्यान देना जरूरी है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

शेयर बाजार में पिछले दो साल से जारी उतार-चढ़ाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। लेकिन व्हाइटओक कैपिटल एसेट मैनेजमेंट (WhiteOak Capital Asset Management) के CEO और अनुभवी फंड मैनेजर आशीष पी. सोमैया का मानना है कि बाजार का यह मुश्किल दौर हमेशा नहीं रहेगा। उनके मुताबिक, अगले 3 से 6 महीनों में निवेशकों को बाजार में सोच-समझकर जोखिम लेने के अच्छे मौके मिल सकते हैं। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में संतुलन बनाए रखें और नियमित निवेश जारी रखें।

पहले भी ऐसे मुश्किल दौर से गुजरा है बाजार

करीब तीन दशक का अनुभव रखने वाले आशीष पी. सोमैया का कहना है कि बाजार में डर की वजह बदलती रहती है, लेकिन उसका पैटर्न लगभग एक जैसा होता है। कभी वैश्विक तनाव, कभी कच्चे तेल की कीमतें तो कभी अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता निवेशकों का भरोसा कमजोर करती है।

उन्होंने 1998-2002, 2008-09, 2012-13, 2019-20 और 2022-23 के कुछ हिस्सों का उदाहरण देते हुए कहा कि 2025-26 का दौर भी पहले आई ऐसी ही मुश्किल परिस्थितियों जैसा है।

एक्सपर्ट के मुताबिक, हर बार संकट की कहानी थोड़ी अलग होती है, लेकिन बाजार का मूल व्यवहार ज्यादा नहीं बदलता।

अगले 3 से 6 महीने क्यों हो सकते हैं खास?

एक्सपर्ट ने कहा, "अगले तीन से छह महीनों में थोड़ा आगे बढ़कर जोखिम लेने का समय आ सकता है।" हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि निवेशक बिना सोचे-समझे पैसा लगाना शुरू कर दें। उनका मानना है कि लंबे समय तक बाजार में दबाव रहने के बाद भविष्य में बेहतर रिटर्न की संभावनाएं बन सकती हैं।

बाजार में आई गिरावट के बाद लार्ज कैप शेयर अपेक्षाकृत आकर्षक नजर आ रहे हैं। वहीं, जिन निवेशकों ने स्मॉल कैप और मिड कैप में जरूरत से ज्यादा पैसा लगाया है, उन्हें अपने पोर्टफोलियो में संतुलन लाने पर ध्यान देना चाहिए।

निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?

एक्सपर्ट आशीष पी. सोमैया के मुताबिक, निवेश में सफलता के लिए हर बार बाजार की सही दिशा का अनुमान लगाना जरूरी नहीं है। ज्यादा जरूरी है कि निवेशक अनिश्चितता के बीच भी अपनी रणनीति पर टिके रहें।

नए संवत में बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को सही एसेट एलोकेशन और नियमित निवेश पर ध्यान देना चाहिए।

Read more!
Advertisement