Indian stock market outlook: नए संवत में कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल? ये 10 फैक्टर तय करेंगे निवेशकों की कमाई

दिवाली के साथ शेयर बाजार में नए संवत 2083 की शुरुआत हो गई है। पिछला संवत निफ्टी और सेंसेक्स के निवेशकों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। अब कंपनियों की कमाई, विदेशी निवेश और ब्याज दरों समेत 10 बड़े फैक्टर बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

दिवाली के साथ शेयर बाजार में नए संवत 2083 की शुरुआत हो गई है। पिछला संवत निवेशकों के लिए मिला-जुला रहा। निफ्टी 50 करीब 3.24 फीसदी और निफ्टी 500 लगभग 1.27 फीसदी गिरा। वहीं मिडकैप 100 में 2.02 फीसदी और स्मॉलकैप 250 में 0.57 फीसदी की बढ़त रही। अक्टूबर 2026 में इन इंडेक्स ने अपने 52 हफ्तों के निचले स्तर भी छुए। अब सवाल है कि नए संवत में बाजार की दिशा क्या होगी?

ब्रोकरेज फर्म AUM Capital और SAMCO Securities ने ऐसे 10 बड़े फैक्टर बताए हैं, जो संवत 2083 में बाजार की चाल तय कर सकते हैं।

पहला बड़ा फैक्टर कंपनियों की कमाई है। FY27 की दूसरी तिमाही में नतीजे जारी करने वाली शुरुआती 16 निफ्टी कंपनियों का मुनाफा सालाना आधार पर करीब 19 फीसदी और रेवेन्यू 15 फीसदी बढ़ा। तीसरी तिमाही के नतीजे इस मजबूती की अगली परीक्षा होंगे।

दूसरा फैक्टर कच्चे तेल की कीमतें हैं। तेल सस्ता होने और पश्चिम एशिया में तनाव घटने से महंगाई, कंपनियों की लागत और रुपये पर दबाव कम हो सकता है।

तीसरा फैक्टर घरेलू निवेश है। सितंबर 2026 में मंथली SIP निवेश रिकॉर्ड 32,490 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह विदेशी बिकवाली के दौरान बाजार को सहारा दे सकता है।

चौथा फैक्टर विदेशी निवेशकों की वापसी है। रुपये में स्थिरता और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड घटने से विदेशी पैसा भारतीय बाजार में लौट सकता है।

पांचवां फैक्टर शेयरों का वैल्यूएशन है। निफ्टी का फॉरवर्ड PE करीब 16.4 गुना है, जो इसके लंबी अवधि के औसत 18.4 गुना से कम है।

छठा फैक्टर आर्थिक विकास है। RBI ने FY27 के लिए भारत की GDP ग्रोथ 7.1 फीसदी रहने का अनुमान दिया है।

सातवां फैक्टर ब्याज दरें हैं। इनमें स्थिरता या कटौती से बैंकिंग, हाउसिंग, ऑटो और कंजम्पशन सेक्टर को फायदा मिल सकता है।

आठवां फैक्टर सरकारी कैपिटल एक्सपेंडिचर है। बजट 2027 में इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस, रेलवे और पावर पर खर्च बाजार के लिए अहम रहेगा।

नौवां फैक्टर भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट है। समझौता होने से एक्सपोर्ट से जुड़ी कंपनियों को फायदा मिल सकता है।

दसवां फैक्टर घरेलू खपत, मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटलाइजेशन और बढ़ती आय जैसे लंबी अवधि के आर्थिक बदलाव हैं।

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

AUM Capital ने निवेशकों को SIP जारी रखने, पोर्टफोलियो में विविधता रखने और नया निवेश किस्तों में करने की सलाह दी है। वहीं SAMCO Securities के मुताबिक, सेंसेक्स-गोल्ड रेशियो मार्च 2026 के 5.26 से बढ़कर 6.43 पहुंच गया है, लेकिन अब भी 9.8 के ऐतिहासिक औसत से नीचे है। SAMCO ने मौजूदा गोल्ड निवेश बनाए रखते हुए इक्विटी में हिस्सेदारी बढ़ाने और जोखिम नियंत्रण पर ध्यान देने की सलाह दी है।

Read more!
Advertisement