लार्जकैप या मिडकैप? नए संवत में किस तरह के शेयर दिला सकते हैं बेहतर रिटर्न

शेयर बाजार में लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों को लेकर निवेशकों के मन में कई सवाल हैं। आखिर आने वाले महीनों में कहां बेहतर कमाई का मौका मिल सकता है? मार्केट एक्सपर्ट चकरी लोकप्रिया ने कुछ ऐसे फैक्टर्स बताए हैं, जो बाजार की अगली चाल तय कर सकते हैं।

Advertisement

In Short

  • चकरी लोकप्रिया के मुताबिक, लार्जकैप या मिडकैप से ज्यादा जरूरी कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ है।
  • कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से कंपनियों की लागत घट सकती है और प्रॉफिट मार्जिन सुधर सकता है।
  • मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में सुधार का फायदा बैंकिंग और NBFC कंपनियों को भी मिल सकता है।

By Gaurav Kumar:

शेयर बाजार में निवेश करने वालों के सामने इस समय बड़ा सवाल है कि पैसा लार्जकैप शेयरों में लगाएं या मिडकैप और स्मॉलकैप में। कुछ शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है, तो कुछ अब भी आकर्षक वैल्यूएशन पर मिल रहे हैं। ऐसे में मार्केट एक्सपर्ट चकरी लोकप्रिया ने बताया है कि आने वाले महीनों में किन बातों पर नजर रखना जरूरी होगा और कौन से सेक्टर्स बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

लार्जकैप या मिडकैप, किसमें लगाएं पैसा?

मार्केट के दिग्गज निवेशक चकरी लोकप्रिया का मानना है कि निवेशकों को सिर्फ यह देखकर पैसा नहीं लगाना चाहिए कि कोई शेयर लार्जकैप है या मिडकैप। सबसे जरूरी बात यह है कि आने वाली तिमाहियों में किस कंपनी की कमाई सबसे तेजी से बढ़ सकती है।

उनके मुताबिक, जिस कंपनी की अर्निंग्स रिकवरी सबसे मजबूत होगी, निवेशकों को उसी पर फोकस करना चाहिए। पिछले एक साल में कई लार्जकैप शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा है, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है। इसलिए सिर्फ सस्ते वैल्यूएशन या शेयरों की तेजी के आधार पर फैसला लेना सही नहीं होगा।

कच्चे तेल की कीमतों से बदल सकता है बाजार का खेल

चकरी लोकप्रिया के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार के लिए सबसे बड़ा फैक्टर कच्चे तेल की कीमतें हैं। अगर आने वाले समय में क्रूड ऑयल सस्ता होता है और सप्लाई चेन की दिक्कतें कम होती हैं, तो कई कंपनियों को सीधा फायदा मिल सकता है।

दरअसल, तेल सस्ता होने से कंपनियों की लागत घट सकती है। इससे उनके प्रॉफिट मार्जिन में सुधार होगा और कमाई बढ़ने की उम्मीद बनेगी। बेहतर नतीजों के चलते कंपनियों के अर्निंग्स अनुमान भी बढ़ सकते हैं।

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में क्यों दिख रहा मौका?

लोकप्रिया का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सबसे ज्यादा फायदा मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को मिल सकता है।इन कंपनियों के कारोबार में रॉ मटेरियल और दूसरी इनपुट कॉस्ट की बड़ी भूमिका होती है। अगर इनकी लागत कम होती है, तो कंपनियां बेहतर मुनाफा कमा सकती हैं। यही वजह है कि आने वाली तिमाहियों में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की अर्निंग्स रिकवरी पर नजर रखना जरूरी होगा।

बैंक और NBFC को कैसे मिलेगा फायदा?

चकरी लोकप्रिया के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में सुधार का फायदा फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर को भी मिल सकता है।जब कंपनियों का कारोबार बढ़ता है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, तो कर्ज की मांग बढ़ सकती है। इससे बैंकों और NBFC की लोन ग्रोथ और कमाई को सपोर्ट मिल सकता है।

नए संवत में निवेशकों को क्या करना चाहिए?

नए संवत वर्ष में निवेशकों के लिए सिर्फ शेयर की कीमत या कंपनी का साइज देखना काफी नहीं होगा। कंपनी की बैलेंस शीट, अर्निंग्स ग्रोथ और भविष्य में मुनाफा बढ़ने की संभावना पर भी ध्यान देना जरूरी है।

लोकप्रिया के नजरिए से अगर कच्चे तेल की कीमतों में अच्छी गिरावट आती है, तो मैन्युफैक्चरिंग और फाइनेंशियल सेक्टर निवेशकों के लिए अहम बन सकते हैं। हालांकि, इन सेक्टर्स में तेजी काफी हद तक लागत घटने और कंपनियों की कमाई सुधरने पर निर्भर करेगी।

Read more!
Advertisement