Sollfege Smart Electronics IPO: 30 सितंबर को खुलेगा इश्यू! चेक करें प्राइस बैंड, लॉट साइज समेत पूरी डिटेल
कोलकाता की स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Sollfege Smart Electronics अपना IPO लॉन्च करने जा रही है। कंपनी का इश्यू 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक खुला रहेगा। IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल रिटेल नेटवर्क बढ़ाने और नए शोरूम खोलने में किया जाएगा। इश्यू की कीमत और निवेश की पूरी जानकारी जानिए।

Upcoming IPO: कोलकाता की स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Sollfege Smart Electronics Limited अपना IPO लेकर आ रही है। कंपनी का इश्यू 30 सितंबर 2026 से खुलेगा और 5 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसके इक्विटी शेयरों को BSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
55 रुपये है इश्यू प्राइस
कंपनी IPO के जरिए 39.60 लाख इक्विटी शेयर जारी करेगी। शेयर का फेस वैल्यू 10 रुपये और इश्यू प्राइस 55 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इससे कंपनी करीब 21.78 करोड़ रुपये जुटाएगी।
इश्यू का लॉट साइज 2,000 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम दो लॉट यानी 4,000 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा, जिसकी रकम 2.20 लाख रुपये होगी।
HNI निवेशकों के लिए न्यूनतम तीन लॉट यानी 6,000 शेयरों का आवेदन जरूरी है, जिसकी रकम 3.30 लाख रुपये होगी। Finshore Management Services Ltd. इश्यू की बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि Kfin Technologies Ltd. रजिस्ट्रार है।
कंपनी के बारे में
Sollfege Smart Electronics Limited कोलकाता स्थित कंपनी है, जो प्रीमियम ऑडियो, वीडियो और होम ऑटोमेशन सॉल्यूशंस के कारोबार में काम करती है। कंपनी की शुरुआत 2012 में हुई थी। शुरुआत में Sollfege प्रीमियम ऑडियो और वीडियो एक्सेसरीज बेचती थी, लेकिन समय के साथ इसने अपने कारोबार का विस्तार करते हुए होम थिएटर सिस्टम, हाई-एंड ऑडियो उपकरण, प्रोजेक्टर, स्पीकर और स्मार्ट होम ऑटोमेशन सॉल्यूशंस को भी अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया।
कंपनी ने चुनिंदा शहरों में Experience Centres भी बनाए हैं, जहां ग्राहक कंपनी के अलग-अलग प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस को खुद देखकर और इस्तेमाल करके अनुभव कर सकते हैं। कंपनी का फोकस प्रीमियम टेक्नोलॉजी और ग्राहकों को व्यक्तिगत अनुभव देने पर है। कंपनी ऐसे ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करती है, जो अपने घर में बेहतर एंटरटेनमेंट, ऑडियो-वीडियो अनुभव और स्मार्ट कनेक्टेड लिविंग चाहते हैं।
12 नए शोरूम खोलने पर खर्च होगा पैसा
IPO से जुटाई रकम में से 8.54 करोड़ रुपये 12 नए शोरूम शुरू करने पर खर्च किए जाएंगे। कंपनी का लक्ष्य इससे अपना रिटेल नेटवर्क बढ़ाना और ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बनाना है। इसके अलावा 9.67 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए रखे गए हैं। 1.80 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट खर्चों में होगा।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर उमेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि Sollfege ने प्रीमियम ऑडियो, वीडियो और स्मार्ट होम ऑटोमेशन सॉल्यूशंस के जरिए अपनी मौजूदगी बनाई है। उन्होंने कहा कि कंपनी अब मार्केट पहुंच मजबूत करने, ग्राहक अनुभव बेहतर करने और प्रीमियम होम एंटरटेनमेंट व स्मार्ट लिविंग सेगमेंट में अपनी पहचान मजबूत करने पर ध्यान देगी।
Sollfege Smart Electronics फाइनेंशियल
कंपनी की कुल आय FY23 के 12.74 करोड़ रुपये से बढ़कर FY24 में 19.84 करोड़ और FY25 में 21.28 करोड़ रुपये हो गई। EBITDA भी 0.66 करोड़ रुपये से बढ़कर क्रमशः 1.73 करोड़ और 3.24 करोड़ रुपये रहा। इसी दौरान मुनाफा यानी PAT 0.36 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.76 करोड़ और फिर 2.13 करोड़ रुपये हो गया।