Sollfege Smart Electronics IPO: 5 अक्टूबर को पैसा लगाने का आखिरी दिन! ब्रोकरेज ने बताया सब्सक्राइब करें या नहीं
Sollfege Smart Electronics IPO में निवेश करने वालों के लिए अहम मौका है। कंपनी का इश्यू जल्द बंद होने वाला है और ब्रोकरेज फर्म ने इसे लेकर सकारात्मक राय दी है। प्रीमियम स्मार्ट होम और ऑडियो-वीडियो कारोबार वाली इस कंपनी के IPO में निवेश से पहले जानिए ब्रोकरेज की पूरी राय और प्रमुख बातें।

कोलकाता की स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Sollfege Smart Electronics Limited के आईपीओ को सब्सक्राइब करने का आगामी सोमवार 05 अक्टूबर को तीसरा आखिरी दिन है। इस आईपी का इश्यू 30 सितंबर को खुला था। कंपनी IPO के जरिए 39.60 लाख इक्विटी शेयर जारी करेगी। शेयर का फेस वैल्यू 10 रुपये और इश्यू प्राइस 55 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इससे कंपनी करीब 21.78 करोड़ रुपये जुटाएगी।
इश्यू का लॉट साइज 2,000 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम दो लॉट यानी 4,000 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा, जिसकी रकम 2.20 लाख रुपये होगी।
सब्सक्राइब करें या नहीं?
अगर आप इस आईपीओ में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं तो आपके लिए यह खबर महत्वपूर्ण हो सकती है। ब्रोकरेज फर्म Lakshmishree ने इस इश्यू को Subscribe करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि हम इस आईपीओ को ‘सब्सक्राइब’ रेटिंग देते हैं और 12 महीने के लिए ₹110 का टारगेट प्राइस तय करते हैं।
कंपनी का बिजनेस मॉडल एसेट-लाइट है, ऑपरेटिंग मार्जिन में लगातार सुधार हुआ है और कंपनी मुनाफे में है। कंपनी प्रीमियम स्मार्ट लिविंग सेगमेंट में काम करती है और आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कारोबार बढ़ाने में करेगी। FY24 में EBITDA मार्जिन करीब 9.3% था, जो FY26 में बढ़कर करीब 18% हो गया।
इसमें एक्सपीरियंस सेंटर, ग्राहकों को हाई-टच कंसल्टेशन और कस्टमाइज्ड प्राइसिंग की अहम भूमिका रही है। कंपनी प्रीमियम ग्लोबल AV और IoT ब्रांड्स की एक्सक्लूसिव बुटीक इंटीग्रेटर है, जिससे उसे ई-कॉमर्स की भारी डिस्काउंटिंग से बचने और मेंटेनेंस व अपग्रेड कॉन्ट्रैक्ट से कमाई का फायदा मिलता है।
ब्रोकरेज ने बताया कि आईपीओ से मिलने वाले ₹21.78 करोड़ की फ्रेश इक्विटी से कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। Restated FY26 आंकड़ों के आधार पर बुक वैल्यू प्रति शेयर ₹19.24 से बढ़कर ₹33.42 हो जाएगी।
कंपनी के बारे में
Sollfege Smart Electronics Limited कोलकाता स्थित कंपनी है, जो प्रीमियम ऑडियो, वीडियो और होम ऑटोमेशन सॉल्यूशंस के कारोबार में काम करती है। कंपनी की शुरुआत 2012 में हुई थी। शुरुआत में Sollfege प्रीमियम ऑडियो और वीडियो एक्सेसरीज बेचती थी, लेकिन समय के साथ इसने अपने कारोबार का विस्तार करते हुए होम थिएटर सिस्टम, हाई-एंड ऑडियो उपकरण, प्रोजेक्टर, स्पीकर और स्मार्ट होम ऑटोमेशन सॉल्यूशंस को भी अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया।
कंपनी ने चुनिंदा शहरों में Experience Centres भी बनाए हैं, जहां ग्राहक कंपनी के अलग-अलग प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस को खुद देखकर और इस्तेमाल करके अनुभव कर सकते हैं। कंपनी का फोकस प्रीमियम टेक्नोलॉजी और ग्राहकों को व्यक्तिगत अनुभव देने पर है। कंपनी ऐसे ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करती है, जो अपने घर में बेहतर एंटरटेनमेंट, ऑडियो-वीडियो अनुभव और स्मार्ट कनेक्टेड लिविंग चाहते हैं।