सेंसेक्स-निफ्टी का तूफानी नवंबर! विदेशी निवेशकों ने डाले रिकॉर्ड ₹1.27 लाख करोड़, टूटा 6 साल पुराना रिकॉर्ड
भारतीय शेयर बाजार के लिए नवंबर का महीना ऐतिहासिक साबित हो रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी के बीच विदेशी निवेशकों ने रिकॉर्ड 1.27 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। वैश्विक बाजारों में बिकवाली के बावजूद भारत में क्यों लौट रहा विदेशी पैसा और किन सेक्टर्स पर है सबसे ज्यादा भरोसा?

भारतीय शेयर बाजार के लिए नवंबर 2026 का महीना शानदार साबित हो रहा है। दुनिया भर के बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में बिकवाली के बीच विदेशी निवेशकों का भरोसा भारतीय शेयर बाजार पर बढ़ा है।
नवंबर खत्म होने से पहले ही विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयरों में 1.27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट निवेश किया है। यह किसी भी एक महीने में विदेशी निवेशकों की अब तक की सबसे बड़ी खरीदारी है।
इससे पहले नवंबर 2020 में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 70,896 करोड़ रुपये का नेट निवेश किया था। अब करीब छह साल बाद यह रिकॉर्ड टूट गया है।
लगातार 18 कारोबारी सत्रों में खरीदारी
विदेशी निवेशकों ने 26 नवंबर 2026 तक लगातार 18 कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयरों में नेट बाइंग की है। 23 नवंबर को विदेशी निवेशकों ने 5,673 करोड़ रुपये और 25 नवंबर को 4,479 करोड़ रुपये और 26 नंवबर को FII ने 5,843 करोड़ रुपये का नेट निवेश किया।
हांगकांग को पछाड़कर दुनिया का चौथा सबसे बड़ा शेयर बाजार बना भारत
26 नवंबर तक निफ्टी में इस महीने 12.3 फीसदी और सेंसेक्स में 13.3 फीसदी की तेजी आई है। भारतीय शेयर बाजार अप्रैल 2020 के बाद सबसे बड़ी मासिक बढ़त दर्ज करने की राह पर है।
इस शानदार तेजी के बीच 25 नवंबर को NSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 5.5 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया। इसके साथ ही भारत हांगकांग को पीछे छोड़कर दुनिया का चौथा सबसे बड़ा शेयर बाजार बन गया है।
फाइनेंशियल सेक्टर पर विदेशी निवेशकों का सबसे बड़ा दांव
विदेशी निवेशकों को सबसे ज्यादा बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयर पसंद आए हैं। नवंबर के पहले 15 दिनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में कुल 84,291 करोड़ रुपये का नेट निवेश किया, जिसमें से अकेले फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में 43,102 करोड़ रुपये का निवेश आया। यह कुल निवेश का करीब 51 फीसदी है।
इसके अलावा टेलीकॉम सेक्टर में 7,570 करोड़ रुपये, ऑटो और ऑटो कंपोनेंट सेक्टर में 7,551 करोड़ रुपये, कंज्यूमर सर्विसेज में 6,519 करोड़ रुपये और आईटी सेक्टर में 5,080 करोड़ रुपये का शुद्ध विदेशी निवेश आया है।
दुनिया में AI शेयरों की पिटाई, भारत में आईटी शेयरों की धूम
AI में भारी निवेश और उससे मिलने वाले रिटर्न को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच वैश्विक टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रही है। इसके उलट भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है।
गुरुवार को निफ्टी आईटी इंडेक्स में 3.7 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। HCL टेक के शेयर करीब 6.4 फीसदी, TCS के 4.9 फीसदी, इंफोसिस के 4.7 फीसदी और विप्रो के शेयर 4 फीसदी चढ़े।
इन सेक्टर्स से विदेशी निवेशकों ने निकाला पैसा
रिकॉर्ड विदेशी निवेश के बावजूद कुछ सेक्टर्स में बिकवाली देखने को मिली है। नवंबर के पहले पखवाड़े में कैपिटल गुड्स सेक्टर से विदेशी निवेशकों ने सबसे ज्यादा 3,781 करोड़ रुपये निकाले हैं।
इसके अलावा केमिकल्स सेक्टर से 370 करोड़ रुपये, टेक्सटाइल से 98 करोड़ रुपये, फॉरेस्ट मटेरियल्स से 10 करोड़ रुपये और डायवर्सिफाइड सेक्टर से 8 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई है। इस दौरान केवल पांच सेक्टर्स में विदेशी निवेशकों की शुद्ध बिकवाली देखने को मिली।
भारतीय शेयर बाजार में क्यों लौट रहा विदेशी निवेश?
भारतीय कंपनियों की कमाई में सुधार, आकर्षक वैल्यूएशन, कच्चे तेल की कीमतों में ऊंचे स्तरों से गिरावट और घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर रही है।
इसके अलावा वैश्विक AI शेयरों में निवेश घटाकर पोर्टफोलियो में विविधता लाने की रणनीति का फायदा भी भारतीय बाजार को मिल रहा है। भारतीय शेयर बाजार में वैश्विक AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों की सीमित हिस्सेदारी भी विदेशी निवेशकों के लिए भारत को एक आकर्षक विकल्प बना रही है।