बैक टू बैक अपर सर्किट! एक महीने में 185% रिटर्न, अब हेल्थकेयर सेक्टर में उतरेगी ये कंपनी

स्मॉलकैप कंपनी एससी एग्रोटेक के शेयरों में पिछले एक महीने से जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। इस बीच कंपनी डिजिटल हेल्थकेयर सेक्टर में कदम रखने जा रही है। कंपनी एक ऐसा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे लोग स्मार्टफोन के जरिए अपनी सेहत की निगरानी कर सकेंगे।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

एग्रोटेक, माइनिंग और हेल्थ सेक्टर में कारोबार करने वाली स्मॉलकैप कंपनी एससी एग्रोटेक लिमिटेड (SC Agrotech) के शेयरों में पिछले एक महीने में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। स्टॉक में आज एक बार 5 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा है। स्टॉक आज सक्रिट के साथ 92.09 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में इस शेयर ने 185.11 फीसदी का रिटर्न दिया है।

अब कंपनी डिजिटल हेल्थकेयर सेक्टर में कदम रखने जा रही है। कंपनी ने बताया कि वो आगामी 27 नवंबर 2026 को अपना नया डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म 'SC Health Suite' लॉन्च करने की तैयारी में है।

स्मार्टफोन से कर सकेंगे सेहत की निगरानी

कंपनी के इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सेहत की निगरानी से जुड़े 15 टूल उपलब्ध कराने की योजना है। इसके लिए किसी स्मार्टवॉच या अलग डिवाइस की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स अपने स्मार्टफोन के ब्राउजर, कैमरा, माइक्रोफोन और मोशन सेंसर की मदद से इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।

इस प्लेटफॉर्म पर हार्ट रेट, आंखों और सुनने की क्षमता की शुरुआती जांच, मेमोरी एक्सरसाइज, नींद, खानपान, दवाइयों और हेल्थ हिस्ट्री की निगरानी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा फैमिली प्रोफाइल, वेलनेस स्कोर और हेल्थ रिपोर्ट शेयर करने की सुविधा देने की भी योजना है। हालांकि, ये टूल मेडिकल जांच या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं हैं।

तीन महीने तक मुफ्त मिलेगी सुविधा

कंपनी शुरुआत में तीन महीने तक इस प्लेटफॉर्म का मुफ्त एक्सेस देगी। इसके बाद पेड सब्सक्रिप्शन, फैमिली प्लान, कॉरपोरेट वेलनेस प्रोग्राम और क्लीनिक सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन के जरिए कमाई करने की योजना है।

कंपनी अस्पतालों, बीमा कंपनियों, डायग्नोस्टिक सेंटरों और अंतरराष्ट्रीय हेल्थकेयर कंपनियों के साथ साझेदारी की संभावनाएं भी तलाश रही है। हालांकि, इन योजनाओं की सफलता ग्राहकों की संख्या, कारोबारी समझौतों और जरूरी नियामकीय शर्तों पर निर्भर करेगी।

Read more!
Advertisement