Multibagger Stock: साल 2026 में अब तक 200% का बंपर रिटर्न! ₹425 से ₹1,278 के पार पहुंचा स्टॉक - आपका दांव है?

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच रेमंड के शेयर ने इस साल निवेशकों को करीब 200 फीसदी का रिटर्न दिया है। कंपनी की कारोबारी रणनीति में बदलाव और डिफेंस व एयरोस्पेस सेक्टर पर बढ़ते फोकस ने निवेशकों का ध्यान खींचा है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

शेयर बाजार में साल 2026 के दौरान भले ही दबाव देखने को मिला हो, लेकिन कुछ शेयरों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। इन्हीं में से एक रेमंड (Raymond) का शेयर है, जिसने इस साल अब तक करीब 200 फीसदी का रिटर्न दिया है। शुक्रवार, 27 नवंबर को भी कंपनी का शेयर 8 फीसदी से ज्यादा चढ़कर NSE पर 1,278.80 रुपये पर बंद हुआ। साल की शुरुआत में इस शेयर की कीमत 425.60 रुपये थी।

रेमंड के शेयर में पिछले छह महीने में 135 फीसदी से ज्यादा और एक महीने में 20 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। वहीं, पिछले एक साल में इस शेयर ने करीब 165 फीसदी का रिटर्न दिया है। आखिर कंपनी के शेयरों में इतनी जबरदस्त तेजी क्यों आ रही है? इसके पीछे चार बड़ी वजहें हैं।

डिफेंस और एयरोस्पेस कारोबार पर फोकस

रेमंड ने अपनी कारोबारी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। साल 2024 में रेमंड लाइफस्टाइल और 2025 में रेमंड रियल्टी के डीमर्जर के बाद कंपनी ने इंजीनियरिंग, डिफेंस और एयरोस्पेस कारोबार पर फोकस बढ़ाया है। कंपनी के बोर्ड ने रेमंड लिमिटेड का नाम बदलकर रेमंड एयरोस्पेस, डिफेंस एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

5,960 करोड़ रुपये से ज्यादा की ऑर्डर बुक

कंपनी को डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में कई नए ऑर्डर मिले हैं। रेमंड ने भारत के एक प्रमुख लड़ाकू विमान कार्यक्रम के लिए विमान के पंखों और मध्य हिस्से की असेंबली का टेंडर भी हासिल किया है। कंपनी की एयरोस्पेस ऑर्डर बुक 5,960 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एयरोस्पेस कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 40.4 फीसदी बढ़ा है।

214 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की योजना

सितंबर 2026 में कंपनी के बोर्ड ने मिनर्वा वेंचर्स फंड को 645 रुपये प्रति वारंट की दर से 33.29 लाख तक कन्वर्टिबल वारंट जारी करने की मंजूरी दी थी। इसके जरिए कंपनी की करीब 214.71 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इस रकम से कंपनी अपनी बढ़ती कारोबारी जरूरतों को पूरा करना चाहती है।

मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ा रही कंपनी

रेमंड एयरोस्पेस और ऑटोमोटिव कारोबार में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए निवेश कर रही है। कंपनी कई वर्षों की पूंजीगत खर्च योजना पर काम कर रही है। इसके तहत बेंगलुरु एयरपोर्ट के पास एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी स्थापित की जा रही है। कारोबार में बदलाव, नए ऑर्डर और विस्तार की योजनाओं के चलते रेमंड का शेयर निवेशकों के बीच चर्चा में बना हुआ है।

Read more!
Advertisement