इस ज्वेलरी कंपनी के प्रमोटर ने बढ़ाई हिस्सेदारी! 96% से अधिक कर्ज भी चुकाया- शेयर में आई तेजी
PC Jeweller ने निवेशकों को एक साथ दो बड़े अपडेट दिए हैं। कंपनी के प्रमोटर ने वारंट को शेयरों में बदलने के लिए करोड़ों रुपये का भुगतान किया है। वहीं, कंपनी ने अपने बैंक कर्ज में बड़ी कमी आने का भी दावा किया है।

7,896.17 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी, पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller Ltd) का शेयर आज निवेशकों के रडार पर है। दरअसल कंपनी ने बीते गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद एक के बाद एक 2 बड़ी जानकारी निवेशकों को दी।
कंपनी के पहले एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक पीसी ज्वैलर के प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर बलराम गर्ग को 3.05 करोड़ (3,05,50,000) इक्विटी शेयर आवंटित किए गए हैं। ये शेयर 3.05 करोड़ फुली कन्वर्टिबल वारंट के इक्विटी शेयरों में बदलने के बाद जारी किए गए हैं।
इसके लिए बलराम गर्ग ने 41.24 करोड़ रुपये (₹41,24,25,000) की बची राशि जमा कराई, जो प्रति वारंट 13.50 रुपये (इश्यू प्राइस का 75%) के हिसाब से थी। कंपनी ने सितंबर 2025 में कुल 9.72 करोड़ (9,72,22,222) वारंट प्रेफरेंशियल आधार पर बलराम गर्ग को आवंटित किए थे।
एक अन्य फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि वह चालू तिमाही में पूरी तरह कर्जमुक्त (Debt Free) बनने के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। इससे पहले कंपनी 14 बैंकों के कंसोर्टियम में से 5 बैंकों का पूरा बकाया कर्ज चुका चुकी थी।
अब कंपनी ने अपने बाकी बचे बैंक कर्ज का भी एक बड़ा हिस्सा चुका दिया है। इसके साथ ही कंपनी बैंकों के कुल बकाया कर्ज का 96% से ज्यादा भुगतान कर चुकी है। कंपनी का कहना है कि बचा हुआ 4% से कम कर्ज भी इसी तिमाही में चुका दिया जाएगा, जिसके बाद कंपनी पूरी तरह कर्जमुक्त हो जाएगी।
PC Jeweller Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 10:43 बजे तक एनएसई पर 0.33% या 0.03 रुपये चढ़कर 9.15 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 0.22% या 0.02 रुपये की तेजी के साथ 9.14 रुपये पर कारोबार कर रहा था।