PC Jeweller का बड़ा ऐलान, 14 में से 11 बैंकों का पूरा कर्ज चुकाया; अब इसी महीने पूरी तरह कर्जमुक्त होगी कंपनी
PC Jeweller कर्जमुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। कंपनी ने एक और बैंक का पूरा बकाया चुका दिया है और 14 में से 11 बैंकों का कर्ज खत्म कर दिया है। बाकी तीन बैंकों के कर्ज का भी बड़ा हिस्सा चुकाया जा चुका है, अब नजर इसी महीने होने वाले अगले कदम पर है।

Stock in Focus: ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी, पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller Ltd) ने अपने निवेशकों को लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है।
कंपनी ने बताया कि उसने इसी महीने कर्जमुक्त होने के लक्ष्य की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत कंपनी ने एक और बैंक का पूरा बकाया कर्ज चुका दिया है। इसके साथ ही 14 कंसोर्टियम बैंकों में से 11 बैंकों का पूरा बकाया कर्ज अब चुका दिया गया है और सभी भुगतान तय समय से पहले किए गए हैं।
वहीं, बाकी 3 बैंकों के कुल बकाया कर्ज का 96% से ज्यादा हिस्सा भी चुका दिया गया है। कंपनी अब इन तीनों बैंकों के बचे हुए 4% से कम कर्ज को भी इसी महीने चुकाने की तैयारी में है। इसके बाद कंपनी पूरी तरह कर्जमुक्त हो जाएगी, जिससे उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति काफी मजबूत होगी।
PC Jeweller Share Price
कंपनी का शेयर आज बीएसई पर 0.65% या 0.09 रुपये गिरकर 13.79 रुपये पर बंद हुआ और एनएसई पर स्टॉक 0.50% या 0.07 रुपये गिरकर 13.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
PC Jeweller Q1 रिजल्ट
हाल ही में कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजो को जारी करते हुए बताया था कि जून तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 37.2% बढ़कर ₹222 करोड़ हो गया। एक साल पहले कंपनी का PAT ₹161.9 करोड़ था। इस दौरान ज्वेलरी रिटेलर का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹877.04 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹724.91 करोड़ था।
कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA भी 89.7% बढ़कर ₹241.56 करोड़ हो गया, जबकि एक साल पहले यह ₹127.3 करोड़ था। तिमाही आधार पर भी मुनाफे में 45.32% की बढ़ोतरी हुई। मार्च तिमाही में PAT ₹152.89 करोड़ रहा था। हालांकि, ऑपरेशंस से रेवेन्यू तिमाही आधार पर 5.4% घटकर ₹927.34 करोड़ रहा।