ब्रोकरेज का टारगेट पार! बाजार में बड़ी गिरावट के बीच 4% दौड़ा ये हॉस्पिटल स्टॉक - आपका दांव है?
इस कंपनी के शेयर बाजार में गिरावट के बीच भी तेजी दिखा रहे हैं। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में इस हॉस्पिटल स्टॉक को लेकर बड़ा भरोसा जताया था और इसने अब अपने टारगेट प्राइस को पार कर लिया है।

Stock to Buy: सोमवार को शेयर बाजार में 1% से ज्यादा की बड़ी गिरावट के बीच हॉस्पिटल सेक्टर की कंपनी, पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (Park Medi World Limited) का शेयर करीब 4% चढ़कर कारोबार कर रहा है।
सुबह 10:38 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 3.83% या 9.55 रुपये चढ़कर 259.10 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 3.70% या 9.25 रुपये की तेजी के साथ 259 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
इस शेयर पर हाल ही में ब्रोकरेज खंडवाला सिक्योरिटीज लिमिटेड ने Overweight रेटिंग देते हुए 245 रुपये का टागेट प्राइस दिया था जो अब स्टॉक ने क्रॉस कर लिया है।
ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि आने वाले समय में पार्क मेडी वर्ल्ड को हेल्थकेयर सेक्टर की मजबूत ग्रोथ का बड़ा फायदा मिल सकता है। खंडवाला सिक्योरिटीज ने आगे कहा कि उत्तर भारत में अभी भी अस्पतालों और बेड्स की कमी है, जबकि सस्ती और बेहतर इलाज की मांग लगातार बढ़ रही है। कंपनी FY28 तक अपनी क्षमता बढ़ाकर 5,000 से ज्यादा बेड्स करने की योजना बना रही है। मजबूत बैलेंस शीट, कम कर्ज और बेहतर संचालन क्षमता के चलते कंपनी के राजस्व में लगातार बढ़ोतरी की संभावना दिखाई देती है। साथ ही, हेल्थकेयर सेक्टर के तेजी से संगठित होने से भी कंपनी को लंबी अवधि में फायदा मिल सकता है।
ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में आगे कहा था कि पार्क मेडी वर्ल्ड उत्तर भारत की एक बड़ी हॉस्पिटल चेन है, जो 16 अस्पतालों और करीब 3,960 बेड्स के साथ काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी लगातार अपनी क्षमता बढ़ा रही है और मल्टीस्पेशलिटी हेल्थकेयर सेवाएं दे रही है। भारत का हेल्थकेयर सेक्टर भी तेजी से बढ़ रहा है। यह सेक्टर 2016 में 110 अरब डॉलर से बढ़कर 2023 में 372 अरब डॉलर तक पहुंच गया और 2025 तक 638 अरब डॉलर होने का अनुमान है। बढ़ते हेल्थ खर्च, हेल्थ इंश्योरेंस की पहुंच और सरकारी निवेश से इस सेक्टर को मजबूती मिल रही है। सरकार की योजनाओं और बढ़ती इंश्योरेंस कवरेज से आने वाले समय में बड़े अस्पताल समूहों की मांग और बढ़ सकती है।