हॉस्पिटल सेक्टर की कंपनी का बड़ा विस्तार प्लान! FY28 तक 5740 बेड की क्षमता हासिल करने का लक्ष्य
हॉस्पिटल सेक्टर की इस कंपनी ने अपनी विस्तार योजना को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। कंपनी अगले दो वर्षों में अस्पतालों का नेटवर्क और बेड क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रही है। वार्षिक रिपोर्ट में सामने आई इस योजना के तहत कंपनी नए अस्पताल और बेड जोड़कर अपने हेल्थकेयर कारोबार को तेजी से आगे बढ़ाना चाहती है।

हॉस्पिटल सेक्टर की कंपनी, पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (Park Medi World Ltd) का शेयर आज निवेशकों के रडार पर है। दरअसल बीते शुक्रवार को कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए एनुअल रिपोर्ट जारी कर निवेशकों को बड़ी जानकारी दी।
कंपनी ने इस रिपोर्ट में अपने वित्त वर्ष 2027-28 के लिए अपनी विस्तार योजना के बारे में बताया है। अस्पताल चलाने वाली इस कंपनी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में अपनी नेटवर्क क्षमता बढ़ाकर 5,740 बेड करने का है। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, इसके लिए करीब 2,130 नए बेड जोड़ने की योजना है। फिलहाल कंपनी के पास करीब 4,290 बेड की क्षमता है और वित्त वर्ष 2028 तक इसमें लगभग 1,450 बेड और जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
Park Medi World Share Price
कंपनी का शेयर आज सुबह 9:21 बजे तक एनएसई पर 0.60% या 1.75 रुपये गिरकर 288.80 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 0.36% या 1.05 रुपये टूटकर 289 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
प्रयागराज में 550 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाएगी कंपनी
हाल ही में कंपनी ने बताया था कि वो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 550 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और चलाने का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। कंपनी को यह प्रोजेक्ट प्रयागराज नगर निगम ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल के तहत दिया है। इस प्रोजेक्ट के जरिए Park Group उत्तर प्रदेश में अपने हेल्थकेयर कारोबार का विस्तार कर रहा है।
कंपनी के मुताबिक, अस्पताल का निर्माण 3.22 एकड़ जमीन पर किया जाएगा। इसे बनाने में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। अस्पताल को तय तारीख से दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण पूरा होने के बाद Park Group इसे 45 साल की लंबी अवधि के लीज के तहत संचालित करेगा।
Park Medi World Q1FY27 Results
Park Medi World ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 35% बढ़कर 88.6 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 65.5 करोड़ रुपये था। कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन भी 2.20 प्रतिशत बढ़कर 18.6% हो गया। वहीं, कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) 20% बढ़कर 2.05 रुपये हो गई, जो पिछले साल जून तिमाही में 1.70 रुपये थी।
कंपनी की ऑपरेशनल आय भी 19% बढ़कर 475.7 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 398.8 करोड़ रुपये थी। कंपनी का EBITDA मार्जिन 20 बेसिस पॉइंट बढ़कर 26.5% रहा। इस दौरान कंपनी की कुल बेड क्षमता सालाना आधार पर 32% बढ़कर 3,960 बेड हो गई, जो पिछले साल 3,000 बेड थी। कंपनी में मरीजों की कुल संख्या भी 17% बढ़ी। OPD मरीजों की संख्या में 17% और IPD मरीजों की संख्या में 16% की बढ़ोतरी हुई। 30 जून 2026 तक कंपनी पर निकट अवधि का कर्ज 25.6 करोड़ रुपये था, जबकि फिक्स्ड डिपॉजिट 299.8 करोड़ रुपये रहा।