Park Medi World को मिला बड़ा कॉन्ट्रैक्ट! प्रयागराज में 550 बेड का अस्पताल बनाएगी कंपनी, स्टॉक में तेजी

कंपनी ने आज बताया कि उसने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 550 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और चलाने का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। कंपनी को यह प्रोजेक्ट प्रयागराज नगर निगम ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल के तहत दिया है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

हॉस्पिटल सेक्टर की कंपनी, पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (Park Medi World Ltd) ने आज निवेशकों को लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है। 

कंपनी ने आज बताया कि उसने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 550 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और चलाने का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। कंपनी को यह प्रोजेक्ट प्रयागराज नगर निगम ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल के तहत दिया है। इस प्रोजेक्ट के जरिए Park Group उत्तर प्रदेश में अपने हेल्थकेयर कारोबार का विस्तार कर रहा है।

550 बेड का अस्पताल बनेगा

कंपनी के मुताबिक, अस्पताल का निर्माण 3.22 एकड़ जमीन पर किया जाएगा। इसे बनाने में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। अस्पताल को तय तारीख से दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण पूरा होने के बाद Park Group इसे 45 साल की लंबी अवधि के लीज के तहत संचालित करेगा।

इस प्रोजेक्ट में भविष्य में विस्तार की भी गुंजाइश रखी गई है। कमर्शियल ऑपरेशन शुरू होने यानी COD के पांचवें साल के बाद कंपनी को अतिरिक्त 2.47 एकड़ जमीन हासिल करने का विकल्प दिया गया है। इससे आने वाले समय में अस्पताल की सुविधाओं और क्षमता को बढ़ाया जा सकेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

संगम के करीब है अस्पताल की लोकेशन

यह अस्पताल प्रयागराज के घनी आबादी वाले इलाके में Arail Ghat के ठीक पीछे बनाया जाएगा। Arail Ghat का एक हिस्सा VIP दर्शन के लिए आरक्षित है। यह जगह Sangam Ghat से सड़क के रास्ते करीब 3 किलोमीटर और नाव से लगभग 0.5 किलोमीटर की दूरी पर है।

इस वजह से अस्पताल को प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाली बड़ी आबादी का भी फायदा मिल सकता है। कंपनी के अनुसार, पूरा होने के बाद यह प्रयागराज का सबसे बड़ा निजी हेल्थकेयर सेंटर होगा।

सरकार देगी 76.52 करोड़ रुपये

इस प्रोजेक्ट की एक खास बात यह है कि अस्पताल के निर्माण की लागत में राज्य सरकार भी सहयोग करेगी। प्रयागराज नगर निगम अस्पताल के निर्माण के लिए कंपनी को 76.52 करोड़ रुपये वापस करेगा। यानी कंपनी के करीब 200 करोड़ रुपये के कुल निर्माण निवेश में लगभग 38% हिस्से का खर्च इस सरकारी सहायता से कवर होगा।

कंपनी को इस कॉन्ट्रैक्ट के बदले हर साल 18.10 करोड़ रुपये का कन्सेशन फीस देना होगा। इस फीस में हर साल 3% की बढ़ोतरी होगी।

उत्तर प्रदेश में हेल्थकेयर का बड़ा बाजार

Park Medi World के मुताबिक, उत्तर प्रदेश देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्यों में है और यहां हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत काफी ज्यादा है। राज्य में प्रति 1,000 आबादी पर अस्पताल के बेड की उपलब्धता राष्ट्रीय औसत और WHO के 3 बेड प्रति 1,000 आबादी के मानक से काफी कम है।

बढ़ती आय और हेल्थ इंश्योरेंस की बढ़ती पहुंच के बीच कंपनी उत्तर प्रदेश को लंबे समय के लिए हेल्थकेयर सेक्टर का आकर्षक बाजार मानती है। प्रयागराज राज्य के बड़े शहरों में शामिल है और प्रशासनिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक केंद्र होने के साथ आसपास के बड़े इलाके की हेल्थकेयर जरूरतों को भी पूरा करता है।

यूपी में 1,260 बेड की क्षमता होगी

प्रयागराज का यह प्रोजेक्ट Park Group की उत्तर प्रदेश रणनीति का तीसरा बड़ा हिस्सा है। कंपनी के पास आगरा में 360 बेड का अस्पताल है, जबकि गोरखपुर में 400 बेड की एक नई सुविधा भी तैयार की जा रही है।

प्रयागराज के 550 बेड वाले अस्पताल के जुड़ने के बाद इन तीनों प्रोजेक्ट्स की कुल क्षमता 1,260 बेड हो जाएगी। कंपनी का कहना है कि इससे वह उत्तर प्रदेश में प्रमुख निजी हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स में अपनी स्थिति मजबूत कर सकेगी और उत्तर भारत में बेहतर टर्शियरी हेल्थकेयर सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर अपना फोकस जारी रखेगी।

Park Medi World Share Price

कंपनी का शेयर दोपहर 1:05 बजे तक बीएसई पर 1.59% या 4.50 रुपये  चढ़कर 288.35 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर शेयर 1.41% या 4 रुपये चढ़कर 288.05 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

Read more!
Advertisement