4% उछला ये ग्रीन एनर्जी शेयर! H1 FY27 में मुनाफा ₹100 करोड़ के पार, आपके पोर्टफोलियो में है?
रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी ओरिएंट ग्रीन पावर के शेयर में 4% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। कंपनी ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जिसमें आय और EBITDA में बढ़ोतरी हुई है।

रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी ओरिएंट ग्रीन पावर कंपनी लिमिटेड (Orient Green Power Company Limited) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के अनऑडिटेड वित्तीय नतीजे जारी किए हैं जिसके बाद स्टॉक निवेशकों के रडार पर है।
दोपहर 12:13 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 4.51% या 0.42 रुपये चढ़कर 9.74 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 4.40% या 0.41 रुपये की तेजी के साथ 9.73 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि सितंबर 2026 को खत्म हुई दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में Orient Green Power की कंसोलिडेटेड कुल आय सालाना आधार पर 8% बढ़कर ₹147 करोड़ पहुंच गई। कंपनी का EBITDA 12% बढ़कर ₹117 करोड़ रहा। वहीं, EBITDA मार्जिन 251 बेसिस पॉइंट बढ़कर 80% हो गया।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी की कुल आय 2% बढ़कर ₹233 करोड़ रही। इस दौरान EBITDA 4% बढ़कर ₹177 करोड़ पहुंचा, जबकि मार्जिन 147 बेसिस पॉइंट बढ़कर 76% हो गया।
₹100 करोड़ से ज्यादा का मुनाफा
पहली छमाही में कंपनी ने ₹100 करोड़ से ज्यादा का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। हालांकि, पिछले साल की तुलना में मुनाफा कम रहा। इसकी वजह पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में मिला ₹16 करोड़ का एकमुश्त अतिरिक्त लाभ था, जो इस बार नहीं मिला।
कंपनी के मुताबिक, बेहतर विंड कंडीशन और नई उत्पादन क्षमता से बिजली उत्पादन बढ़ा। इससे पिछली तिमाही में आई उत्पादन की कमी की भरपाई हो गई।
सोलर पावर में बढ़ाई क्षमता
कंपनी ने दूसरी तिमाही में 17.6 मेगावाट का नया सोलर प्लांट शुरू किया। पिछले वित्त वर्ष में शुरू हुए 7 मेगावाट के प्लांट को मिलाकर उसकी कुल सोलर क्षमता अब 24.6 मेगावाट हो गई है।
इसके अलावा कंपनी 7.8 मेगावाट के पुराने विंड टर्बाइनों को बदलने का प्रोजेक्ट पूरा करने के करीब है। जरूरी रेगुलेटरी मंजूरी मिलने पर इसे अगली तिमाही में शुरू किया जा सकता है। कंपनी ने 6.6 मेगावाट अतिरिक्त विंड पावर क्षमता के लिए EPC कॉन्ट्रैक्ट भी किया है।
क्रेडिट रेटिंग में सुधार
कंपनी की प्रमुख सब्सिडियरी की क्रेडिट रेटिंग CRISIL ने BBB तक अपग्रेड की है। वहीं, सोलर सब्सिडियरी को ICRA से BBB रेटिंग मिली है।
कंपनी के एमडी और सीईओ टी. शिवरामन ने कहा कि बेहतर हवा और नई सोलर-विंड क्षमता से बिजली उत्पादन बढ़ा है। नई प्रोजेक्ट का फायदा अगले विंड सीजन से मिलने की उम्मीद है।