इस ग्रीन एनर्जी कंपनी ने निवेशकों को दिया बड़ा अपडेट! कंपनी को मिलेंगे इतने करोड़ - आपका दांव है?

इस रिन्यूएबल एनर्जी शेयर की कंपनी को एक बड़े कानूनी विवाद में राहत मिली है। बिजली मामलों के अपीलीय न्यायाधिकरण ने कंपनी की सब्सिडियरी के पक्ष में फैसला सुनाया है। इससे करोड़ों रुपये की बकाया रकम मिलने का रास्ता साफ हुआ है। जानिए पूरा मामला क्या है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादक कंपनियों में से एक, ओरिएंट ग्रीन पावर कंपनी लिमिटेड (Orient Green Power Company Ltd) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है। 

कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसे एक बड़े कानूनी विवाद में राहत मिली है। बिजली मामलों के अपीलीय न्यायाधिकरण (APTEL) ने 17 नवंबर 2026 को कंपनी की प्रमुख सब्सिडियरी बीटा विंड फार्म प्राइवेट लिमिटेड (BETA) के पक्ष में फैसला सुनाया है। यह मामला आंध्र प्रदेश में विंड एनर्जी यानी पवन ऊर्जा की सप्लाई के बदले मिलने वाले भुगतान से जुड़ा था। इस फैसले के बाद कंपनी को ब्याज समेत करीब 12.98 करोड़ रुपये की बकाया रकम मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

Orient Green Power Share Price

फिलहाल दोपहर 1:33 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर 0.22% या 0.02 रुपये चढ़कर 9.15 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

दरअसल, आंध्र प्रदेश इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (APERC) ने पहले एक आदेश दिया था, जिसके तहत 23% कैपेसिटी यूटिलाइजेशन फैक्टर (CUF) से ज्यादा बिजली उत्पादन पर पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा था। CUF का मतलब किसी पावर प्लांट की अधिकतम उत्पादन क्षमता के मुकाबले उसके वास्तविक बिजली उत्पादन से है। APERC ने 23% CUF तक बिजली के लिए 4.70 रुपये प्रति यूनिट का टैरिफ तय किया था, जबकि इससे ज्यादा उत्पादन पर केवल 50 पैसे प्रति यूनिट भुगतान का प्रावधान किया गया था।

अब APTEL ने इस आदेश को रद्द कर दिया है। ट्रिब्यूनल ने स्पष्ट किया कि 23% CUF केवल बिजली का टैरिफ तय करने का एक मानक है, न कि भुगतान की अधिकतम सीमा। इसका मतलब है कि अगर कोई कंपनी तय मानक से ज्यादा बिजली बनाकर सप्लाई करती है, तो उसे पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के मुताबिक पूरा भुगतान मिलना चाहिए। ट्रिब्यूनल ने APERC की संचयी CUF गणना और अतिरिक्त उत्पादन पर 50 पैसे प्रति यूनिट की दर लागू करने के फैसले को भी खारिज कर दिया है।

कैसे रहे थे नतीजे?

हाल ही में कंपनी ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट मामूली बढ़कर 81.57 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 80.94 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी की कुल आय भी बढ़कर 146.57 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो एक साल पहले 135.45 करोड़ रुपये थी।

Read more!
Advertisement