शेयर बाजार में भूचाल के बीच ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में जोरदार तेजी! 2 दिन में 25% चढ़ा भाव - क्या है कारण?

ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में तेजी मजबूत डिमांड, बेहतर सर्विस और कीमतों में कटौती के चलते आई है। मार्च में रजिस्ट्रेशन 150% बढ़े और कंपनी ने 10 लाख यूनिट्स का माइलस्टोन पार किया। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और स्टॉक में जोरदार उछाल देखने को मिला।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Ola Electric Share Price: गुरुवार को शेयर बाजार में जारी भारी गिरावट के बीच बेंगलुरु की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड (Ola Electric Mobility Ltd) के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। 

महज दो कारोबारी सत्रों में स्टॉक करीब 25% उछलकर एनएसई पर ₹28.55 तक पहुंच गया। 02 अप्रैल को इंट्राडे में शेयर 10% से ज्यादा चढ़ा। दोपहर 1:16 बजे तक स्टॉक एनएसई पर 7.42% या 1.92 रुपये चढ़कर 27.81 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 7.33% या 1.90 रुपये की तेजी के साथ 27.83 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

क्यों आई शेयर में तेजी?

कंपनी के मुताबिक, मार्च के आखिरी हफ्ते में रोजाना ऑर्डर 1,000 यूनिट्स के पार पहुंच गए। पूरे महीने में रजिस्ट्रेशन 3,973 से बढ़कर 10,117 यूनिट्स हो गए, यानी 150% से ज्यादा की मंथ-ऑन-मंथ ग्रोथ रही। कंपनी का कहना है कि मार्केट शेयर में भी V-शेप रिकवरी दिखी है, जो डिमांड में मजबूत वापसी का संकेत है।

सर्विस सुधार बना बड़ा ट्रिगर

ओला इलेक्ट्रिक ने बताया कि मांग में यह तेजी उसकी सर्विस ऑपरेशंस में बड़े बदलाव का नतीजा है। अब 80% से ज्यादा गाड़ियां उसी दिन सर्विस हो रही हैं। बेहतर पार्ट्स उपलब्धता, तेज डायग्नोस्टिक्स और नेटवर्क पर कड़ा ऑपरेशनल कंट्रोल से टर्नअराउंड टाइम घटा है। कंपनी का कहना है कि इससे कस्टमर ट्रस्ट बढ़ा और डिमांड को सपोर्ट मिला।

10 लाख रजिस्ट्रेशन का माइलस्टोन

मार्च में कंपनी ने एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। VAHAN डेटा के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक भारत में 10 लाख कुल रजिस्ट्रेशन पार करने वाली पहली ईवी ब्रांड बन गई। कंपनी ने इसे भारत के ईवी इकोसिस्टम के लिए अहम मोड़ बताया।

कीमत कटौती से बढ़ेगा आकर्षण

कंपनी ने अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक बाइक रोडस्टर X+ 9.1 kWh की कीमत ₹60,000 घटाकर ₹1,29,999 कर दी है। पहले इसकी कीमत ₹1,89,999 थी। कंपनी का कहना है कि गीगाफैक्ट्री में स्केल बढ़ने और 4680 भारत सेल के लोकल प्रोडक्शन से लागत घटी है, जिसका फायदा ग्राहकों को दिया जा रहा है। हालांकि, यह मॉडल सीमित समय के 'पर्चेज विंडो' में ही उपलब्ध होगा। पहली विंडो 3 अप्रैल को शाम 6 से 9 बजे तक खुलेगी।

Read more!
Advertisement