Meesho में ₹1,885 करोड़ की ब्लॉक डील से हलचल! क्या शेयर में आगे भी जारी रहेगी तेजी?
ऑनलाइन रिटेल कंपनी मीशो (Meesho) के शेयर शुक्रवार को चर्चा में हैं। NSE पर कंपनी के शेयरों में ₹1,885 करोड़ की बड़ी ब्लॉक डील हुई है। शुरुआती कारोबार में शेयर में तेजी भी दिखी। इस बीच ब्रोकरेज फर्म ने BUY रेटिंग बरकरार रखी है।

ऑनलाइन रिटेल कंपनी मीशो (Meesho) के शेयर शुक्रवार को रडार पर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयरों में ₹1,885.2 करोड़ की बड़ी ब्लॉक डील हुई। इस डील के तहत कंपनी के 7.64 करोड़ शेयरों की खरीद-बिक्री हुई, जो उसकी कुल इक्विटी हिस्सेदारी का करीब 1.65 फीसदी है। ब्लॉक डील में प्रति शेयर कीमत ₹247 रही।
शुरुआती कारोबार में मीशो के शेयरों में तेजी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर शेयर 1.27 फीसदी चढ़कर ₹257.40 पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹1.18 लाख करोड़ रहा।
एक महीने में 10% चढ़ा शेयर
मीशो के शेयरों ने पिछले एक महीने में करीब 10 फीसदी की बढ़त दर्ज की है। कंपनी के कुल 463 करोड़ शेयर बाजार में हैं, जिनमें से करीब 226 करोड़ शेयर फ्री फ्लोट का हिस्सा हैं। ब्लॉक डील के बाद निवेशकों की नजर कंपनी के शेयरों की आगे की चाल पर बनी हुई है।
Meesho पर ब्रोकरेज क्यों बुलिश?
ब्रोकरेज फर्म Ventura Securities ने बीते गुरुवार को कहा था कि छोटे शहरों और कम सेवाओं वाले बाजारों में सस्ते ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म की बढ़ती मांग से मीशो को फायदा मिल सकता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, ट्रांजैक्शन बढ़ने, कमाई के नए अवसर और डिलीवरी व्यवस्था में सुधार से कंपनी की लंबी अवधि की कमाई मजबूत हो सकती है।
ब्रोकरेज ने दिया ₹265 का टारगेट
दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (MOFSL) ने भी मीशो को लेकर सकारात्मक रुख बनाए रखा है।
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का एसेट-लाइट बिजनेस मॉडल, नेगेटिव वर्किंग कैपिटल और बेहतर होती यूनिट इकोनॉमिक्स भविष्य में मुनाफा बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।
MOFSL ने वित्त वर्ष 2026 से 2031 के बीच कंपनी की नेट मर्चेंडाइज वैल्यू (NMV) में सालाना 25 फीसदी की दर से बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, विज्ञापनों से बढ़ती कमाई और लॉजिस्टिक्स लागत में सुधार के चलते कंपनी का कंट्रीब्यूशन मार्जिन दूसरी तिमाही के 6 फीसदी से बढ़कर FY31 तक 7.8 फीसदी पहुंच सकता है।
MOFSL को उम्मीद है कि कंपनी FY28 तक ऑपरेटिंग स्तर पर ब्रेक-ईवन हासिल कर सकती है। वहीं, FY31 तक एडजस्टेड EBITDA मार्जिन 4 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है। ब्रोकरेज ने मीशो के शेयर पर अपनी BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹265 का संशोधित टारगेट प्राइस दिया है।