P-75I पनडुब्बी डील करीब! Mazagon Dock के पास आ सकता ₹70,000 करोड़ से बड़ा ऑर्डर, ब्रोकरेज ने दी BUY रेटिंग

ब्रोकरेज फर्म एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग का मानना है कि प्रोजेक्ट P-75I पनडुब्बी कार्यक्रम का कॉन्ट्रैक्ट जल्द फाइनल हो सकता है और इसकी अंतिम कीमत पहले के अनुमान 70,000 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

PSU Stock: डिफेंस शिपबिल्डिंग कंपनी, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (Mazagon Dock Shipbuilders Ltd) के शेयर में आज 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर 6.58% या 154.65 रुपये चढ़कर 2506.60 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

ब्रोकरेज फर्म एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग का मानना है कि प्रोजेक्ट P-75I पनडुब्बी कार्यक्रम का कॉन्ट्रैक्ट जल्द फाइनल हो सकता है और इसकी अंतिम कीमत पहले के अनुमान 70,000 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है।

बड़ा ऑर्डर बुक मिलने की उम्मीद

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग के अनुसार कंपनी आने वाले कुछ हफ्तों में P-75I प्रोजेक्ट के लिए कॉन्ट्रैक्चुअल बातचीत पूरी कर सकती है। हालिया मीडिया रिपोर्ट्स और इंडस्ट्री से मिली जानकारी के आधार पर ब्रोकरेज का अनुमान है कि अंतिम ऑर्डर वैल्यू पहले के अनुमान से काफी अधिक हो सकती है।

अगर यह कॉन्ट्रैक्ट फाइनल होता है तो मझगांव डॉक की मौजूदा 23,700 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक को बड़ा सहारा मिलेगा। ब्रोकरेज का कहना है कि इससे कंपनी की निकट अवधि की ऑर्डर बुक में तेज उछाल आ सकता है।

एंटीक ने यह भी कहा कि मीडियम टर्म में कंपनी के लिए ऑर्डर पाइपलाइन मजबूत बनी हुई है। हालांकि FY27E में राजस्व वृद्धि सीमित रह सकती है, लेकिन उसके बाद बड़े ऑर्डर बुक के सहारे ग्रोथ तेज होने की संभावना है।

Mazagon Dock Share Price Target

ब्रोकरेज के मुताबिक P-75I के अलावा तीन अतिरिक्त पनडुब्बियों का ऑर्डर भी FY27 की पहली छमाही तक फाइनल हो सकता है। इसके साथ P17B फ्रिगेट्स, लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक (LPD), डेस्ट्रॉयर और माइन काउंटरमेजर वेसल (MCMV) जैसे प्रोजेक्ट भी कंपनी की ऑर्डर बुक को आगे मजबूत कर सकते हैं।

इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए एंटीक ने शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है और 3,407 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह टारगेट FY28 की कोर कमाई के 42 गुना पीई मल्टीपल के आधार पर तय किया गया है।

कोलंबो डॉकयार्ड डील से बढ़ेगा दायरा

हाल ही में मझगांव डॉक ने कोलंबो डॉकयार्ड पीएलसी में 41.73% हिस्सेदारी खरीदने का सौदा पूरा किया है। यह हिस्सेदारी राइट्स इश्यू में अनसब्सक्राइब्ड शेयरों के आवंटन के जरिए मिली है।

राइट्स इश्यू की कीमत 40 श्रीलंकाई रुपये प्रति शेयर थी और इस सौदे पर कंपनी का कुल खर्च करीब 190 करोड़ रुपये रहा। कंपनी अब अनिवार्य ओपन ऑफर के जरिए बाकी शेयर भी खरीदने की प्रक्रिया में है।

एंटीक का मानना है कि इस डील से मझगांव डॉक केवल घरेलू नौसैनिक जहाज निर्माता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर वैश्विक महत्वाकांक्षाओं वाली शिपबिल्डिंग कंपनी बन सकता है। ब्रोकरेज ने कहा कि कोलंबो डॉकयार्ड जहाज मरम्मत के कारोबार में मजबूत है और भारतीय शिपिंग कंपनियों के बीच इसकी अच्छी पकड़ है।

Read more!
Advertisement