मैन इंफ्राकंस्ट्रक्शन ने शेयर बायबैक को दी मंजूरी, 99 लाख शेयर खरीदने की तैयारी - चेक करें BuyBack Price

मैन इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड ने निवेशकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ने शेयर बायबैक को मंजूरी दी है, जिसके तहत मौजूदा शेयरधारकों से बाजार के जरिए शेयर वापस खरीदे जाएंगे। इस फैसले के बाद कंपनी के शेयर में भी तेजी देखने को मिली। बायबैक की कीमत और आकार से जुड़ी अहम जानकारी जानिए आगे।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Stock in Focus: रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्रोजेक्ट बनाने वाली स्मॉल कैप कंपनी, मैन इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड (Man Infraconstruction Ltd) ने आज लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बायबैक (BuyBack) की जानकारी दी है। 5,015.56 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी का स्टॉक आज बीएसई पर करीब 1.5 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।

कंपनी ने आज अपने फाइलिंग में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने शेयर बायबैक को मंजूरी दे दी है। इसके तहत कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों से, प्रमोटर्स, प्रमोटर ग्रुप और कंपनी के कंट्रोल से जुड़े लोगों को छोड़कर, अधिकतम 171 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की कीमत पर शेयर वापस खरीदेगी।

कंपनी इस बायबैक पर अधिकतम 169.29 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बायबैक में 2 रुपये फेस वैल्यू वाले पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर शामिल होंगे और शेयरों की खरीद ओपन मार्केट के जरिए स्टॉक एक्सचेंज के माध्यम से की जाएगी।

171 रुपये की अधिकतम कीमत और 169.29 करोड़ रुपये की पूरी रकम इस्तेमाल होने पर कंपनी अधिकतम 99 लाख शेयर वापस खरीद सकती है। ये शेयर 1 सितंबर 2026 तक कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी शेयर पूंजी का करीब 2.45% हैं। हालांकि, अगर कंपनी 171 रुपये से कम कीमत पर शेयर खरीदती है तो 169.29 करोड़ रुपये की अधिकतम सीमा के अंदर खरीदे जाने वाले शेयरों की संख्या 99 लाख से ज्यादा हो सकती है।

कंपनी ने बताया कि 169.29 करोड़ रुपये की बायबैक राशि 31 मार्च 2026 के ऑडिटेड वित्तीय आंकड़ों के आधार पर स्टैंडअलोन आधार पर पेड-अप शेयर पूंजी और फ्री रिजर्व के कुल योग का 8.66% और कंसोलिडेटेड आधार पर 7.99% है। यह SEBI के नियमों के तहत तय 10% की सीमा के अंदर है। 

बोर्ड ने बायबैक की पूरी प्रक्रिया संभालने के लिए एक 'बायबैक कमेटी' भी बनाई है और उसे जरूरी फैसले लेने और प्रक्रिया पूरी करने के अधिकार दिए हैं। कंपनी ने कहा है कि बायबैक की प्रक्रिया, तारीखों और अन्य कानूनी जानकारी से जुड़ा पब्लिक अनाउंसमेंट बाद में जारी किया जाएगा।

Man Infraconstruction Share Price

कंपनी का शेयर आज बीएसई पर 1.45% या 1.77 रुपये की तेजी के साथ 124.25 रुपये पर बंद हुआ और एनएसई का स्टॉक 1.58% या 1.94 रुपये चढ़कर 124.56 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

Read more!
Advertisement