इस हेल्थकेयर कंपनी ने दी बड़ी जानकारी! ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए नई तकनीक को मिला लाइसेंस - रडार पर शेयर
हेल्थकेयर कंपनी Lords Mark Industries को ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती स्क्रीनिंग के लिए नई तकनीक का मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस मिला है। कंपनी बिना रेडिएशन वाली इस जांच को ₹700 से कम में उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।

हेल्थकेयर सेक्टर की कंपनी, लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Lords Mark Industries Ltd) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में निवेशकों को बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि उसे ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती जांच के लिए रेडिएशन-फ्री ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग टेक्नोलॉजी के लिए मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस मिला है।
कंपनी ने बताया कि इस तकनीक की मदद से महिलाएं बिना रेडिएशन के ब्रेस्ट कैंसर से जुड़े संभावित शुरुआती संकेतों की जांच करा सकेंगी। कंपनी की योजना इस जांच को 700 रुपये से कम कीमत पर उपलब्ध कराने की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक इसकी पहुंच हो सके।
कंपनी ने बताया कि यह उसके लिए दूसरा बड़ा मेडिकल डिवाइस प्रोडक्ट है। इससे पहले कंपनी AI तकनीक से लैस डायलिसिस मशीन विकसित कर चुकी है। अब ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग किट के जरिए कंपनी मेडिकल टेक्नोलॉजी और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के क्षेत्र में अपना कारोबार बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
कैसे काम करेगी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग किट?
कंपनी ने अपनी इस तकनीक को Lords Med Breast Cancer Screening Kit नाम दिया है। इसमें पहनने वाला एक खास डिवाइस इस्तेमाल होता है, जिसमें 28 से 36 थर्मल सेंसर लगे होते हैं। ये सेंसर ब्रेस्ट की सतह के तापमान के पैटर्न को मापते हैं और उनमें होने वाले बदलावों की पहचान करते हैं।
कंपनी के मुताबिक, तापमान में कुछ असामान्य बदलाव शरीर के अंदर मौजूद संभावित जैविक गड़बड़ियों का संकेत दे सकते हैं। इस तकनीक की खास बात यह है कि इसमें रेडिएशन का इस्तेमाल नहीं होता और जांच के लिए शरीर में किसी तरह का उपकरण डालने की जरूरत नहीं पड़ती।
700 रुपये से कम में जांच कराने की योजना
कंपनी का लक्ष्य इस स्क्रीनिंग टेस्ट की कीमत 700 रुपये से कम रखना है। कंपनी का मानना है कि जांच की कम कीमत से उन महिलाओं को फायदा मिल सकता है, जो ज्यादा खर्च होने की वजह से नियमित स्क्रीनिंग नहीं करा पाती हैं।
कंपनी खासतौर पर उन इलाकों में अपनी सेवाएं पहुंचाना चाहती है, जहां ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधाएं सीमित हैं या लोगों में इसके प्रति जागरूकता कम है। इसके लिए देशभर में स्क्रीनिंग सेवाओं का नेटवर्क तैयार करने की योजना है।