₹80 से कम कीमत वाले शेयर की कंपनी ने किया बड़ा अधिग्रहण! इलेक्ट्रिकल सेक्टर में बढ़ाएगी पकड़- स्टॉक में हलचल
इस कंपनी ने अपने कारोबार के विस्तार के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने इलेक्ट्रिकल उपकरण और ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली पुरानी कंपनी का अधिग्रहण किया है। इस डील से कंपनी को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Lords Mark Industries Ltd) ने आज अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़े अधिग्रहण की जानकारी दी है। कंपनी ने आज अपने फाइलिंग में बताया कि कंपनी ने अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए Radio Electric Private Limited का अधिग्रहण किया है।
यह कंपनी Radiotone ब्रांड के नाम से जानी जाती है और इलेक्ट्रिकल उपकरणों और ट्रांसफॉर्मर बनाने का काम करती है। यह अधिग्रहण Lord’s Mark Industries के Lighting & Energy डिवीजन के तहत किया गया है। कंपनी का उद्देश्य इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करना और नई तकनीक के जरिए घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबार बढ़ाना है।
Radio Electric Private Limited की शुरुआत साल 1939 में हुई थी। यानी कंपनी के पास करीब 87 साल का इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग का अनुभव है। वहीं, इसका Radiotone ब्रांड 1980 से बाजार में मौजूद है। कंपनी मुख्य रूप से वैरिएबल ऑटोट्रांसफॉर्मर (Variacs) और टोरॉयडल ट्रांसफॉर्मर बनाती है।
कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में 1,000 एम्पियर तक के थ्री-फेज एयर-कूल्ड Variacs, 2,000 एम्पियर तक के थ्री-फेज ऑयल-कूल्ड Variacs और डबल-लेयर Variacs शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी 30 VA से 20 kVA क्षमता वाले सिंगल-फेज टोरॉयडल ट्रांसफॉर्मर भी बनाती है। कंपनी वैरिएबल ट्रांसफॉर्मर, AC पावर सोर्स, वोल्टेज आइसोलेशन ट्रांसफॉर्मर, वैरिएबल इंडक्टर और चोक जैसे उपकरण भी तैयार करती है।
नए ग्राहकों और बाजारों पर रहेगा फोकस
अधिग्रहण के बाद Lord’s Mark Industries घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में Radio Electric का विस्तार करने की योजना बना रही है। इसके लिए कंपनी अपनी सेल्स टीम को मजबूत करेगी, प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में डीलर नेटवर्क तैयार करेगी और बड़ी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के साथ साझेदारी बढ़ाएगी। इसके अलावा औद्योगिक प्रदर्शनियों में भाग लेने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मौजूदगी मजबूत करने की भी योजना है।
Lord’s Mark Industries Limited के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ डॉ. सच्चिदानंद उपाध्याय ने कहा कि Radio Electric के पास इंजीनियरिंग का लंबा अनुभव, खास तकनीक, ग्राहकों का भरोसा और कारोबार बढ़ाने की बड़ी संभावना है। उनके मुताबिक, इस अधिग्रहण का आकर्षण केवल कंपनी का पुराना इतिहास नहीं, बल्कि उसका मुनाफे वाला कारोबार, बड़ी औद्योगिक कंपनियों से संबंध, निर्यात का अनुभव और वर्षों में विकसित तकनीक है।
Lords Mark Industries Share Price
कंपनी का शेयर आज बीएसई पर सुबह 11:01 बजे तक 0.37% या 0.30 रुपये गिरकर 79.88 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।