Q2 में ₹320 करोड़ से ज्यादा रेवेन्यू और कई नए प्रोजेक्ट, रडार पर ये आईटी स्टॉक
आईटी सेक्टर की कंपनी केल्टन टेक सॉल्यूशंस का शेयर आज गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। कंपनी ने दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने के साथ 6 नए प्रोजेक्ट मिलने की जानकारी दी है।

आईटी सेक्टर की कंपनी, केल्टन टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Kellton Tech Solutions Ltd) का शेयर निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का कुल रेवेन्यू इस तिमाही में 320.6 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह 316.3 करोड़ रुपये था।
दोपहर 1:26 बजे तक कंपनी का शेयर 5.39% या 0.65 रुपये गिरकर 11.41 रुपये पर कारोबार कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 4.66% या 0.56 रुपये गिरकर 11.46 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
वहीं, दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 38.7 करोड़ रुपये रहा और EBITDA मार्जिन 12.1% दर्ज किया गया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 23 करोड़ रुपये रहा, जबकि प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) मार्जिन 7.2% पर रहा।
केल्टन टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के दौरान 6 नए प्रोजेक्ट हासिल किए हैं। कंपनी को ऑटोमोबाइल फाइनेंस, हेल्थकेयर, ऑटोमोबाइल लॉजिस्टिक्स, एविएशन, एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी और मेडिकल डिवाइस जैसे अलग-अलग सेक्टर्स से नए काम मिले हैं। इन प्रोजेक्ट्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल प्लेटफॉर्म डेवलपमेंट, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और आईटी सपोर्ट से जुड़े काम शामिल हैं।
ऑटोमोबाइल फाइनेंस कंपनी से मिला प्रोजेक्ट
कंपनी को एक प्रमुख ऑटोमोबाइल फाइनेंस कंपनी ने एंटरप्राइज लोन इंटीग्रेशन प्लेटफॉर्म डिजाइन और तैयार करने के लिए चुना है। इस प्रोजेक्ट के तहत केल्टन टेक अलग-अलग लोन सिस्टम और थर्ड-पार्टी डेटा को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ेगी। इससे नए सर्विस प्रोवाइडर्स, चैनल और लोन प्रोडक्ट्स को जोड़ना आसान होगा। साथ ही भविष्य में एआई की मदद से लोन और क्रेडिट से जुड़े फैसले लेने की व्यवस्था तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
अमेरिकी हेल्थकेयर कंपनी के लिए एआई प्लेटफॉर्म
केल्टन टेक को अमेरिका की एक प्रमुख हेल्थकेयर कंपनी से भी प्रोजेक्ट मिला है। इसके तहत कंपनी हेल्थकेयर, डेंटल और कर्मचारियों के मुआवजे से जुड़े इंश्योरेंस क्लेम को मैनेज करने के लिए एआई आधारित एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म तैयार करेगी। यह प्लेटफॉर्म क्लेम जमा करने से लेकर उसके सेटलमेंट तक की प्रक्रिया को संभालेगा। इसमें हेल्थकेयर प्रोवाइडर नेटवर्क, पॉलिसी एडमिनिस्ट्रेशन, बिलिंग और पेमेंट सिस्टम को आपस में जोड़ा जाएगा। इससे भविष्य में क्लेम प्रोसेसिंग को ऑटोमेट करने में मदद मिलेगी।
भारतीय ऑटोमोबाइल लॉजिस्टिक्स कंपनी से करार
कंपनी को भारत की एक प्रीमियम ऑटोमोबाइल लॉजिस्टिक्स कंपनी ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म की समीक्षा करने और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर के सपोर्ट व मेंटेनेंस के लिए चुना है। इस प्रोजेक्ट के तहत केल्टन टेक ने मौजूदा डिजिटल प्लेटफॉर्म में कुछ कमियों की पहचान की है। इसके आधार पर कंपनी ने नए फीचर्स जोड़ने और कामकाज की प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए हैं।
सऊदी अरब की एयरलाइन से मिला काम
केल्टन टेक को सऊदी अरब की एक प्रमुख एयरलाइन से भी नया प्रोजेक्ट मिला है। इसके तहत कंपनी एयरलाइन के ग्राहकों के इस्तेमाल वाले एप्लिकेशन की क्वालिटी इंजीनियरिंग का काम करेगी। केल्टन टेक की टीम साइट पर मौजूद रहकर एप्लिकेशन डेवलपमेंट के दौरान उसकी क्वालिटी की निगरानी करेगी। कंपनी के मुताबिक, प्रोजेक्ट आगे बढ़ने के साथ इंजीनियरिंग से जुड़े कामों में एआई के इस्तेमाल की संभावनाएं भी हैं।
अमेरिकी सीड इंजीनियरिंग कंपनी से नया प्रोजेक्ट
कंपनी ने अमेरिका की एक प्रमुख सीड इंजीनियरिंग कंपनी से भी नया प्रोजेक्ट हासिल किया है। इसके तहत केल्टन टेक कंपनी के अलग-अलग सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन को सपोर्ट करेगी। इनमें बैकएंड सिस्टम के साथ रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए इस्तेमाल होने वाले एप्लिकेशन भी शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य कंपनी के मौजूदा एप्लिकेशन पोर्टफोलियो को तकनीकी सहायता देना है।