Jio IPO में RIL शेयरधारकों को मिलेगा खास मौका! ₹2 लाख तक लगा सकेंगे दांव, जानें कौन पात्र और क्या हैं नियम
कंपनी का करीब ₹30,200 करोड़ का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। इसमें करीब ₹3,000 करोड़ का हिस्सा रिलायंस के पात्र शेयरधारकों और जियो के कर्मचारियों के लिए रिजर्व रखा गया है।

देश के सबसे बड़े आईपीओ के तौर पर बाजार में उतरने जा रही जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरधारकों और कर्मचारियों के लिए खास इंतजाम किया है। कंपनी का करीब ₹30,200 करोड़ का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। इसमें करीब ₹3,000 करोड़ का हिस्सा रिलायंस के पात्र शेयरधारकों और जियो के कर्मचारियों के लिए रिजर्व रखा गया है।
इसमें ₹2,500 करोड़ का कोटा रिलायंस के शेयरधारकों के लिए है, जबकि ₹500 करोड़ कर्मचारियों के लिए रखा गया है। कर्मचारियों को प्रति शेयर ₹54 का डिस्काउंट मिलेगा, लेकिन रिलायंस के शेयरधारकों को कोई छूट नहीं मिलेगी। आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 और लॉट साइज 12 शेयरों का है।
किन RIL शेयरधारकों को मिलेगा फायदा?
सबसे बड़ा सवाल है कि रिलायंस के कौन से शेयरधारक इस खास कोटे में आवेदन कर सकते हैं। जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज की आईपीओ से पहले 66.43 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
जिन निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 14 अक्टूबर तक रिलायंस इंडस्ट्रीज का कम से कम एक शेयर था, वे इस कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, T+1 सेटलमेंट नियम के कारण शेयर खरीदने की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर थी। यानी 14 अक्टूबर या उसके बाद शेयर खरीदने वाले निवेशक इस कोटे के पात्र नहीं होंगे।
बिजनेस टुडे ने Shoonya के रिसर्च एनालिस्ट दीप हिमांशु शाह के हवाले से बताया कि, इस कैटेगरी में केवल व्यक्तिगत निवेशक और हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) आवेदन कर सकते हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर रखने वाले निवेशकों को इसका फायदा नहीं मिलेगा।
आवेदन करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
ट्रेडजिनी (Tradejini) के COO त्रिवेश डी के मुताबिक, शेयरधारकों के लिए अलग कोटा निवेश का अतिरिक्त मौका देता है, लेकिन कई आवेदन करने से अलॉटमेंट की संभावना अपने आप नहीं बढ़ती।
इस कैटेगरी में अधिकतम ₹2 लाख तक की बोली लगाई जा सकती है। आवेदन में वही PAN इस्तेमाल करना होगा, जिससे रिलायंस के शेयर जुड़े हैं। एक कैटेगरी में केवल एक आवेदन करना चाहिए।
एक्सपर्ट दीप हिमांशु शाह का कहना है कि आईपीओ में भारी सब्सक्रिप्शन की उम्मीद है। ऐसे में पात्र शेयरधारकों को भी शेयर मिलने की गारंटी नहीं है।
ग्रे मार्केट में कितना चल रहा GMP?
आईपीओ खुलने से पहले जियो प्लेटफॉर्म्स का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹215 से ₹220 प्रति शेयर चल रहा है। यह ऊपरी प्राइस बैंड के मुकाबले करीब 19 से 20 प्रतिशत संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत देता है। महीने की शुरुआत में GMP करीब ₹145 था।