Jio Platforms का आईपीओ आज से खुला! प्राइस बैंड 1,065-1,119 रुपये; जानिए पैसा लगाएं या नहीं | Latest GMP

IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपनी सब्सिडियरी Reliance Jio Infocom के कुछ बकाया कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए करेगी। अगर आप इस आईपीओ में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

देश की बड़ी टेलीकॉम और डिजिटल कंपनी Jio Platforms Ltd. का आईपीओ आज से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया है। निवेशक कम से कम 12 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं। IPO में बोली लगाने का आखिरी दिन शुक्रवार, 23 अक्टूबर है। अगर आप इस आईपीओ में पैसा लगाने का सोच रहे हैं तो पहले यह जान लीजिए की इस इश्यू को लेकर ब्रोकरेज फर्म की क्या राय है?

Jio IPO से कितनी रकम जुटाएगी कंपनी?

Jio Platforms इस आईपीओ के जरिए कुल 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी कर रही है। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) का कोई हिस्सा नहीं है। IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपनी सब्सिडियरी Reliance Jio Infocom के कुछ बकाया कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए करेगी।

साल 2019 में स्थापित मुंबई की Jio Platforms डिजिटल कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं और टेक्नोलॉजी आधारित समाधानों के कारोबार में सक्रिय है।

एंकर निवेशकों से मिले ₹8,110 करोड़

IPO खुलने से पहले Jio Platforms ने 212 एंकर निवेशकों से 8,110 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने इन्हें 1,119 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 7,24,74,066 शेयर आवंटित किए। एंकर बुक में 25 घरेलू म्यूचुअल फंड हाउस, 22 जीवन बीमा कंपनियां और पेंशन फंड तथा 85 ग्लोबल फंड शामिल रहे। संस्थागत निवेशकों की कुल मांग 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रही।

Jio IPO पर ब्रोकरेज की क्या है राय?

ज्यादातर ब्रोकरेज फर्म इस IPO को लेकर पॉजिटिव हैं। मजबूत बाजार हिस्सेदारी, ARPU में बढ़ोतरी, संभावित टैरिफ बढ़ोतरी, 5G और ब्रॉडबैंड कारोबार को कंपनी की बड़ी ताकत माना जा रहा है।

ब्रोकरेज फर्म SMIFS के मुताबिक, Jio के पास 53.3 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। मजबूत नेटवर्क और टेक्नोलॉजी कंपनी को प्रतिस्पर्धियों से आगे रखते हैं। कर्ज घटने से बैलेंस शीट और मजबूत हो सकती है। SMIFS ने लंबी अवधि के निवेशकों को IPO में SUBSCRIBE करने की सलाह दी है। हालांकि, टैरिफ बढ़ोतरी पर निर्भरता, नियामकीय जोखिम, भारी पूंजीगत खर्च और प्रतिस्पर्धा कंपनी के लिए चुनौतियां हैं।

कंपनी की कमाई और लिस्टिंग की तारीख

जून 2026 तिमाही में Jio Platforms ने 7,764.10 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 40,197.90 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफा 30,052.70 करोड़ रुपये रहा।

कितना है GMP?

कंपनी के शेयर 28 अक्टूबर को NSE और BSE पर लिस्ट होने वाले हैं। ग्रे मार्केट में शेयर 265-275 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार करने की खबर है, जो करीब 23-25% संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत देता है। हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम वास्तविक लिस्टिंग मुनाफे की गारंटी नहीं है।

Read more!
Advertisement