Jio Platforms IPO: मेटा-गूगल समेत इन बड़े निवेशकों की चांदी, ₹3.18 लाख करोड़ की हिस्सेदारी; किसे कितना हुआ फायदा?
जियो प्लेटफॉर्म्स का ₹30,213 करोड़ का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलने जा रहा है। कंपनी की लिस्टिंग से मेटा, गूगल और सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड जैसे बड़े विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी की वैल्यू में बड़ा उछाल आया है। जानिए किस निवेशक की हिस्सेदारी कितने करोड़ की हो गई है और निवेश पर कितना फायदा हुआ है।

देश के सबसे बड़े आईपीओ के तौर पर बाजार में उतरने जा रही जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) की लिस्टिंग कई बड़े विदेशी निवेशकों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है। कंपनी का ₹30,213 करोड़ का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा। इस आईपीओ की खास बात यह है कि इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) का कोई हिस्सा नहीं है। यानी आईपीओ से जुटाई जाने वाली पूरी रकम कंपनी के पास जाएगी।
इससे पहले हुंडई मोटर इंडिया और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) जैसे बड़े आईपीओ में OFS शामिल था। लेकिन जियो का आईपीओ इस मामले में अलग है।
विदेशी निवेशकों की ₹3.18 लाख करोड़ की हिस्सेदारी
बिजनेस टुडे ने जियो प्लेटफॉर्म्स के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के आंकड़ों का विश्लेषण किया है। इसके मुताबिक, कंपनी के 10 सबसे बड़े गैर-प्रमोटर शेयरधारकों के पास कुल 284.43 करोड़ शेयर हैं। आईपीओ के ऊपरी प्राइस बैंड पर इनकी कुल वैल्यू करीब ₹3.18 लाख करोड़ बैठती है।
ये शेयरधारक कंपनी की आईपीओ से पहले की कुल इक्विटी में 31.8 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते हैं। इनमें मेटा, गूगल, सऊदी अरब का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA) जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
Meta और Google को कितना फायदा?
मेटा प्लेटफॉर्म्स की सहयोगी कंपनी जाधू होल्डिंग्स (Jaadhu Holdings) के पास जियो की 9.98 प्रतिशत हिस्सेदारी है। आईपीओ के ऊपरी प्राइस बैंड ₹1,119 पर इसकी वैल्यू करीब ₹99,845 करोड़ बनती है।
मेटा ने जुलाई 2020 में जियो के शेयर ₹488.34 प्रति शेयर के भाव पर खरीदे थे। इस हिसाब से निवेश की वैल्यू में करीब 129 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, गूगल इंटरनेशनल LLC के पास जियो में 7.73 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा सांकेतिक वैल्यू करीब ₹77,306 करोड़ है। गूगल को नवंबर 2020 में ₹488.34 प्रति शेयर के भाव पर शेयर जारी हुए थे।
सऊदी अरब के फंड की निवेश वैल्यू दोगुनी
सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) के पास जियो में 2.31 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसकी वैल्यू करीब ₹23,155 करोड़ है।
PIF ने जुलाई 2020 में ₹549.31 प्रति शेयर के भाव पर निवेश किया था। अब इस निवेश की सांकेतिक वैल्यू करीब 104 प्रतिशत बढ़ चुकी है।
इसके अलावा KKR और Vista Equity Partners की सहयोगी कंपनियों की 2.31 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रत्येक की है। दोनों की संयुक्त हिस्सेदारी की वैल्यू करीब ₹46,310 करोड़ है।
सिल्वर लेक की सहयोगी कंपनी की 1.88 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब ₹18,853 करोड़ और ADIA की 1.16 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब ₹11,577 करोड़ की है। हालांकि, निवेशकों को यह फायदा अभी कागजों पर है। वास्तविक मुनाफा शेयर बेचने पर ही मिलेगा। आईपीओ के ऊपरी प्राइस बैंड पर जियो प्लेटफॉर्म्स की अनुमानित मार्केट वैल्यू करीब ₹10.3 लाख करोड़ है।