Q2 में 24% बढ़ा मुनाफा, रेवेन्यू में भी उछाल! ₹65 से कम कीमत वाले इस एग्री शेयर में तेजी, क्या आपके पास है?
एग्री सेक्टर की कंपनी इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज के शेयर में आज तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जिसमें मुनाफा 24% बढ़ा है। कमजोर मानसून के बावजूद कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा।

इंटीग्रेटेड एग्री सॉल्यूशन देने वाली कंपनी, इंडोगल्फ क्रॉपसाइंसेज लिमिटेड (Indogulf Cropsciences Ltd) के शेयर में करीब 3 प्रतिशत की तेजी देखने को मिल रही है। सुबह 11:17 बजे तक स्टॉक बीएसई पर 2.68% या 1.63 रुपये चढ़कर 62.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 1.62% या 1 रुपये टूटकर 62.63 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में Q2 FY27 और H1 FY27 के वित्तीय आंकड़ो की जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। कमजोर मानसून के बावजूद कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 3% बढ़कर 256 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, पिछली तिमाही के मुकाबले रेवेन्यू में 52% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे कंपनी के कारोबार में सुधार के संकेत मिले हैं।
कंपनी का ऑपरेशनल EBITDA (अन्य आय को छोड़कर) सालाना आधार पर 27% बढ़कर 41 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन में 300 बेसिस पॉइंट यानी 3 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ और यह बढ़कर 16% पहुंच गया। कंपनी को ज्यादा मुनाफा देने वाले प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ने, बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और खर्चों पर नियंत्रण रखने का फायदा मिला।
मुनाफे की बात करें तो कंपनी का PAT सालाना आधार पर 24% बढ़कर 26 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस दौरान PAT मार्जिन पिछले साल के 8% से बढ़कर 10% हो गया।
पहली छमाही (H1 FY27) में कंपनी का प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान खरीफ सीजन में कमजोर मांग का असर कंपनी के कारोबार पर दिखाई दिया। इस अवधि में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 3% घटकर 424 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, रेवेन्यू में गिरावट के बावजूद कंपनी का ग्रॉस प्रॉफिट 7% बढ़कर 123 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, ग्रॉस मार्जिन पिछले साल के 26% से बढ़कर 29% हो गया।
पहली छमाही में कंपनी का ऑपरेशनल EBITDA (अन्य आय को छोड़कर) सालाना आधार पर 20% बढ़कर 50 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन भी पिछले साल के 10% से बढ़कर 12% पहुंच गया। बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और कामकाज की लागत को नियंत्रित करने से कंपनी को फायदा मिला।
इस दौरान कंपनी का PAT सालाना आधार पर 14% बढ़कर 28 करोड़ रुपये पहुंच गया। PAT मार्जिन भी पिछले साल के 6% से बढ़कर 7% हो गया।