एक महीने में 26% चढ़ा HDFC Bank का शेयर, अब एक्सपर्ट्स ने बताया कितना है तेजी का दम
एचडीएफसी बैंक के शेयर में पिछले एक महीने में करीब 26 फीसदी की तेजी आई है। बैंकिंग सेक्टर में लौट रही खरीदारी के बीच मार्केट एक्सपर्ट्स को इस शेयर में और तेजी की उम्मीद है। जानें मौजूदा भाव पर खरीदारी को लेकर क्या है एक्सपर्ट्स की राय और कितना है टारगेट।

प्राइवेट सेक्टर के एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी देखने को मिली है। गुरुवार को बैंक का शेयर 2.70 फीसदी की बढ़त के साथ 866.75 रुपये पर बंद हुआ।
पिछले एक महीने में इस शेयर ने 25.94 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं, 28 अक्टूबर को छुए गए 52 हफ्तों के निचले स्तर 668.90 रुपये से शेयर करीब 30 फीसदी रिकवर हो चुका है। अब मार्केट एक्सपर्ट्स इस शेयर में और तेजी की संभावना देख रहे हैं।
बैंकिंग शेयरों में लौटी खरीदारी
एचडीएफसी बैंक के शेयरों में यह तेजी पूरे बैंकिंग सेक्टर में लौट रही खरीदारी के बीच आई है। पिछले एक महीने में निफ्टी बैंक इंडेक्स में 16.86 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज (Jefferies) ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा कि भारतीय बैंकों के शेयर ग्लोबल बैंकों के मुकाबले काफी महंगे हैं, यह धारणा सही नहीं है। ब्रोकरेज के मुताबिक, भारतीय बैंकों का वैल्यूएशन प्रीमियम अपेक्षाकृत कम है। वहीं, एचडीएफसी बैंक का शेयर बड़े ग्लोबल बैंकों के मुकाबले डिस्काउंट पर कारोबार कर रहा है।
960 रुपये तक जा सकता है शेयर
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च ऑफिसर रवि सिंह का कहना है कि निचले स्तर से करीब 30 फीसदी की रिकवरी के बावजूद एचडीएफसी बैंक का शेयर अपने एक साल के उच्चतम स्तर से करीब 15 फीसदी नीचे है। निवेशक मौजूदा स्तर पर 960 रुपये के शॉर्ट टर्म टारगेट के लिए शेयर में खरीदारी करने पर विचार कर सकते हैं।
गुरुवार के क्लोजिंग भाव के हिसाब से देखें तो शेयर में करीब 10.76 फीसदी की और तेजी की संभावना जताई गई है।
गिरावट पर खरीदारी की सलाह
वेल्थमिल्स सिक्योरिटीज के इक्विटी स्ट्रैटेजिस्ट क्रांति बाथिनी का कहना है कि लंबे समय तक सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद बैंकिंग शेयरों में मजबूती लौटी है। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों का रुझान भी खरीदारी की ओर बढ़ा है।
बाथिनी के मुताबिक, हालिया तेज उछाल के बाद निवेशक गिरावट पर खरीदारी यानी 'Buy on Dips' की रणनीति अपना सकते हैं। इसके लिए लार्जकैप शेयरों को प्राथमिकता दी जा सकती है।
वहीं, SMIFS सिक्योरिटीज के हेड ऑफ रिसर्च (PCG) शरद अवस्थी ने भी एचडीएफसी बैंक को बैंकिंग सेक्टर के अपने पसंदीदा शेयरों में शामिल किया है।