मजबूत FY26 नतीजों के बाद चढ़ा ये स्मॉल कैप सिगरेट स्टॉक- रेवेन्यू में 9 गुना से ज्यादा उछाल; डिटेल्स
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार में सुस्ती के बीच एक स्मॉलकैप शेयर ने निवेशकों का ध्यान खींचा। कंपनी के शेयर में तेजी के पीछे FY26 के वित्तीय नतीजे हैं। कंपनी ने रेवेन्यू और मुनाफे में बड़ा बदलाव दर्ज किया है। जानिए पूरी डिटेल

मंगलवार को शेयर बाजार के शुरुआत में सुस्त कारोबार के बीच सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट बनाने वाली स्मॉल कैप कंपनी, एलीटकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Elitecon International Ltd) के शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।
सुबह 9:28 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 3.10% या 0.26 रुपये चढ़कर 8.64 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। स्टॉक में तेजी के पीछे की वजह कंपनी द्वारा दी गई एक बड़ी जानकारी है जो उसने बीते सोमवार बाजार बंद होने के बाद दी थी।
कंपनी ने बताया था कि सोमवार, 21 सितंबर 2026 को कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक हुई जिसमें 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और वित्त वर्ष के लिए कंपनी के ऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी गई।
Elitecon International FY26 Results
कंपनी के कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों की बात करें तो FY26 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर ₹5,074.80 करोड़ हो गया, जो FY25 के ₹548.76 करोड़ से काफी ज्यादा है। इस दौरान कंपनी की कुल आय ₹5,084.35 करोड़ और कुल खर्च ₹4,888.36 करोड़ रहा। टैक्स से पहले मुनाफा ₹195.98 करोड़ रहा, जबकि FY25 में यह ₹69.57 करोड़ था। ₹10.92 करोड़ के टैक्स खर्च के बाद ग्रुप का टैक्स के बाद मुनाफा यानी PAT ₹185.06 करोड़ रहा। ₹1 फेस वैल्यू वाले शेयर पर बेसिक EPS ₹1.16 रहा, जो FY25 के ₹1.75 से कम है। कंपनी के अनुसार, शेयर सबडिविजन के असर से EPS के आंकड़े में बदलाव आया है।
वहीं, स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू FY26 में 5.1 गुना बढ़कर ₹1,529.50 करोड़ हो गया, जो FY25 में ₹297.51 करोड़ था। हालांकि, 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में स्टैंडअलोन इकाई को टैक्स से पहले ₹4,441.81 लाख का घाटा हुआ। टैक्स और अन्य समायोजनों के बाद इस इकाई का पीरियड के लिए नुकसान ₹3,703.38 लाख रहा।