निवेशकों के रडार पर ये FMCG शेयर! थाईलैंड की कंपनी से की बड़ी डील, अब भारत में बेचेगी 4 विदेशी ब्रांड्स
FMCG सेक्टर की कंपनी एलीटकॉन इंटरनेशनल का शेयर बुधवार को निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने थाईलैंड की एक कंपनी के साथ बड़ी कारोबारी डील की है। इस समझौते से कंपनी भारत में नए प्रोडक्ट्स उतार सकेगी।

एफएमसीजी कंपनी एलीटकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Elitecon International Limited) का शेयर बुधवार को निवेशकों के रडार पर है। दरअसल कपंनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने थाईलैंड की स्टार हर्ब फार्मा कंपनी लिमिटेड (Star Herb Pharma Company Limited) के साथ एक एक्सक्लूसिव डिस्ट्रीब्यूशन एग्रीमेंट किया है। यह डील 10 नवंबर 2026 से लागू हो गई है।
इसके तहत एलीटकॉन को भारत में स्टार हर्ब के चार ब्रांड PRIKKA, Fiberr, Star Cafe’ और Starella के प्रोडक्ट्स को आयात करने, उनकी मार्केटिंग करने और बेचने का स्पेशल राइट्स मिला है।
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक एलीटकॉन इंटरनेशनल इस डील के जरिए भारत के पैकेज्ड बेवरेज और वेलनेस प्रोडक्ट्स के बाजार में कदम रख रही है। कंपनी अब इंस्टेंट कॉफी, लाटे, एशियाई स्टाइल की चाय, एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक मिक्स और कोलेजन सप्लीमेंट जैसे प्रोडक्ट्स भारतीय बाजार में उतार सकेगी।
कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा, “स्टार हर्ब के ब्रांड भारतीय ग्राहकों की बदलती पसंद के हिसाब से बिल्कुल सही हैं। आज भारत में लोग ऐसे कॉफी, चाय और वेलनेस प्रोडक्ट्स खरीदना पसंद कर रहे हैं, जो इस्तेमाल में आसान हों, किफायती हों और आम प्रोडक्ट्स से कुछ अलग हों। हमें पूरे भारत में सभी बिक्री प्लेटफॉर्म पर इन ब्रांड्स को बेचने का विशेष अधिकार मिला है। इससे हमें भरोसे के साथ इन ब्रांड्स को आगे बढ़ाने और भारतीय बाजार में इनकी मजबूत पहचान बनाने के लिए निवेश करने का मौका मिलेगा।”
बता दें कि एलीटकॉन इंटरनेशनल पहले से ही कई FMCG कारोबारों में सक्रिय है। कंपनी का कारोबार खाने के तेल और कृषि उत्पादों, अंतरराष्ट्रीय FMCG ट्रेड और तंबाकू व उससे जुड़े प्रोडक्ट्स तक फैला हुआ है। कंपनी के खाद्य तेल और कृषि कारोबार का संचालन कांडला और मथुरा से होता है, जबकि नासिक में इसकी मैन्युफैक्चरिंग और ऑपरेशनल गतिविधियां हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सिंगापुर में इसकी सब्सिडियरी कंपनियां भी हैं।
कंपनी के मुताबिक, उसके प्रोडक्ट्स 50 से ज्यादा देशों के उपभोक्ताओं तक पहुंचते हैं। अब थाईलैंड की स्टार हर्ब के साथ हुआ यह समझौता उसके अंतरराष्ट्रीय कारोबार को एक नया विस्तार देगा।
Elitecon International Share Price
कंपनी का शेयर फिलहाल दोपहर 12:11 बजे तक बीएसई और एनएसई पर 0.67% या 0.04 रुपये गिरकर 5.97 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।