ईरान-इजराइल में युद्धविराम होते ही खत्म हुई इस सेक्टर स्टॉक की पार्टी, अब निवेशक धड़ाधड़ बेच रहे शेयर
Defence Stock Crash: मंगलवार को जहां शेयर बाजार में तेजी है तो वहीं डिफेंस सेक्टर के स्टॉक लाल निशान पर है। दरअसल, ईरान-इजराइल में युद्धविराम की खबर आने के बाद निवेशकों ने डिफेंस शेयर को बेचना शुरू कर दिया।

24 जून को इंडियन स्टॉक मार्केट के दोनों एक्सचेंज तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। दोपहर 12.30 बजे BSE-NSE में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई। हालांकि, जहां एक तरफ शेयर बाजार में तेजी है तो वहीं, दूसरी तरफ डिफेंस स्टॉक में गिरावट आ गई।
दरअसल,अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम की बात कही। इस खबर के बाद डिफेंस सेक्टर के शेयरों में गिरावट देखी गई।
गिर गए ये स्टॉक
ट्रंप की घोषणा के बाद निवेशकों ने मुनाफा काटना शुरू कर दिया। इसके चलते कई डिफेंस कंपनियों के शेयर नीचे आ गए।
मिश्र धातु निगम (Midhani) का शेयर करीब 5% गिर गया। गार्डन रीच, एस्ट्रा माइक्रोवेव, पारस डिफेंस, और बीईएमएल जैसे शेयर भी 3% से 4% तक टूट गए। इसी तरहभारत डायनेमिक्स, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL), मझगांव डॉक, और कोचीन शिपयार्ड के शेयरों में भी 1.5% से 2.5% तक की गिरावट देखी गई।
हालांकि, बीते एक महीने में डिफेंस शेयर में अच्छी तेजी आई थी। पिछले एक महीने में मिधानी के शेयर 15% और गार्डन रीच के शेयर 25% तक चढ़ गए थे।
गिरावट चिंता की बात नहीं
मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि ये गिरावट ज्यादा चिंता की बात नहीं है। जब शेयर पहले से काफी ऊपर होते हैं, तो थोड़ी मुनाफावसूली होना सामान्य बात है।
ग्रीन पोर्टफोलियो के फाउंडर दिवम शर्मा का कहना है कि भारत की डिफेंस इंडस्ट्री में आगे बहुत ग्रोथ की संभावना है। आने वाले समय में भारत में ज्यादा से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग बढ़ेगी और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर भी इसी शर्त पर होंगे।
भारत को मिलेगा एक्सपोर्ट का फायदा
भारत के साथ अच्छे रिश्ते रखने वाले कई देश अब अपने डिफेंस सामान की खरीददारी में बदलाव कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय कंपनियों को एक्सपोर्ट के नए मौके मिल सकते हैं। इसके अलावा भारत सरकार का डिफेंस बजट भी बढ़ता जा रहा है, जिससे घरेलू कंपनियों को लगातार ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
InCred Equities का कहना है कि उन्हें HAL और BEL जैसे शेयरों पर भरोसा है। HAL की ऑर्डर बुक मजबूत है और कंपनी लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। InCred ने HAL का टारगेट प्राइस ₹6,325 तय किया है।