डाबर के निवेशकों को झटका! SEBI की चेतावनी के बाद फिसला शेयर, जानें क्या है पूरा मामला
FMCG कंपनी डाबर इंडिया के शेयरों में सोमवार को करीब 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। SEBI ने USFDA के चेतावनी पत्र की जानकारी समय पर शेयर बाजार को नहीं देने पर कंपनी को प्रशासनिक चेतावनी दी है।

दिग्गज FMCG कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड (Dabur India Ltd) के शेयरों में सोमवार को गिरावट देखने को मिली। बाजार नियामक SEBI की तरफ से प्रशासनिक चेतावनी मिलने के बाद कंपनी का शेयर करीब 2 फीसदी तक फिसल गया। यह मामला अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (USFDA) से मिले एक चेतावनी पत्र की जानकारी शेयर बाजार को तय समय पर नहीं देने से जुड़ा है।
डाबर ने 6 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि SEBI ने कंपनी को नियमों का पालन करने और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होने देने की चेतावनी दी है।
डाबर के शेयर में कितनी आई गिरावट?
स्टॉक सोमवार को 380.60 रुपये पर खुला था और सुबह 10:25 बजे तक शेयर बीएसई पर 1.63% या 6.25 रुपये गिरकर 376.60 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 0.74% या 2.80 रुपये गिरकर 376.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
SEBI ने डाबर को क्यों दी चेतावनी?
कंपनी की एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, USFDA ने 24 जुलाई 2026 को डाबर को एक चेतावनी पत्र जारी किया था। लेकिन कंपनी ने इसकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को तय समयसीमा के भीतर नहीं दी।
SEBI ने इसे लिस्टिंग ऑब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (LODR) रेगुलेशंस के नियम 30(6)(iii) का उल्लंघन माना है।
नियामक ने 6 नवंबर को भेजे पत्र में इस चूक को गंभीरता से लिया और कंपनी को साफ चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर SEBI Act, 1992 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है।
कंपनी के बोर्ड को क्या करना होगा?
SEBI ने डाबर को निर्देश दिया है कि वह चेतावनी पत्र को अपनी अगली बोर्ड मीटिंग में निदेशकों के सामने रखे।
इसके अलावा कंपनी को बोर्ड की टिप्पणियां भी नियामक तक पहुंचानी होंगी। बोर्ड को यह बताना होगा कि भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए सुधारात्मक कदम संतोषजनक हैं या नहीं। SEBI ने कंपनी को इस प्रशासनिक चेतावनी की जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को देने का भी निर्देश दिया है।
डाबर ने अपनी सफाई में क्या कहा?
डाबर ने कहा कि वह SEBI के पत्र में उठाई गई चिंताओं और निर्देशों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। कंपनी का कहना है कि वह लगातार SEBI के लिस्टिंग नियमों का पालन करती रही है।
डाबर ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रशासनिक चेतावनी का कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन या कारोबारी गतिविधियों पर कोई असर नहीं है।