Britannia Industries Share Price: Q2 में मुनाफा 10% बढ़ने के बावजूद 5% टूटा शेयर, क्या है वजह?
कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद शेयर करीब 5 फीसदी तक टूट गया। हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे दोनों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

बिस्कुट और बेकरी प्रोडक्ट बनाने वाली दिग्गज FMCG कंपनी Britannia Industries Ltd के शेयरों में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद शेयर करीब 5 फीसदी तक टूट गया। हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे दोनों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
कंपनी के इन्वेस्टर प्रेजेंटेशन के मुताबिक, सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.6 फीसदी बढ़कर 5,542 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं कंपनी के मालिकाना शेयरधारकों से जुड़ा नेट प्रॉफिट 10.2 फीसदी बढ़कर 721 करोड़ रुपये रहा।
शुक्रवार के कारोबारी सत्र में Britannia Industries का शेयर 5 फीसदी तक गिरकर 4,749.30 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में शेयर 5,000 रुपये पर बंद हुआ था।
सितंबर तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 8.5 फीसदी बढ़कर 943 करोड़ रुपये रहा। वहीं टैक्स से पहले मुनाफा यानी PBT 10.6 फीसदी बढ़कर 977 करोड़ रुपये पहुंच गया।
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन पिछली तिमाही के 15.3 फीसदी से बढ़कर 17 फीसदी हो गया। वहीं PAT मार्जिन 13 फीसदी रहा।
बिस्कुट के अलावा इन कारोबारों में भी तेजी
Britannia ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसके अलग-अलग सेल्स चैनल में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। जनरल ट्रेड की ग्रोथ वित्त वर्ष 2026 के स्तर के मुकाबले 2.6 गुना रही। वहीं दूसरे सेल्स चैनल जनरल ट्रेड से 1.8 गुना तेज रफ्तार से बढ़े। कंपनी के कुल कारोबार में ई-कॉमर्स की हिस्सेदारी करीब 7 फीसदी रही।
बिस्कुट के अलावा केक, रस्क, वेफर्स और क्रोइसां जैसे बेकरी प्रोडक्ट्स के कारोबार में 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज हुई। वहीं चीज, घी और मिल्क ड्रिंक्स वाले डेयरी बिजनेस में भी दोहरे अंकों की ग्रोथ रही।
क्यों टूटा शेयर?
कंपनी के सामने कच्चे माल की बढ़ती लागत एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले रिफाइंड पाम ऑयल की कीमत 17 फीसदी, दूध की लागत 16 फीसदी और इंडस्ट्रियल फ्यूल की लागत 45 फीसदी बढ़ी है। हालांकि, आटे की कीमत में 4 फीसदी की गिरावट आई है।
पहली छमाही में कितनी हुई कमाई?
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में Britannia का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 13.1 फीसदी बढ़कर 10,506 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 11.7 फीसदी बढ़कर 1,312 करोड़ रुपये रहा।