इस AI शेयर ने भरी उड़ान! 5 साल की बड़ी डील के बाद 10% उछला भाव, जानें वजह

शेयर बाजार में आज ₹20 से सस्ते एक AI कंपनी के शेयर में करीब 10% की जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी ने महेश बाबू फाउंडेशन के साथ पांच साल के समझौते की जानकारी दी है। इस साझेदारी के तहत हेल्थकेयर, शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर काम किया जाएगा।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

एआई-फर्स्ट टेक्नोलॉजी कंपनी, ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Blue Cloud Softech Solutions Ltd) के स्टॉक में 10% की शानदार तेजी देखने को मिल रही है।

सुबह 10:39 बजे तक स्टॉक एनएसई पर 9.84% या 1.55 रुपये चढ़कर 17.30 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 9.50% या 1.50 रुपये की तेजी के साथ 17.29 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

स्टॉक में यह तेजी कंपनी द्वारा दी गई एक बड़ी जानकारी के बाद आई है। कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसने महेश बाबू फाउंडेशन (Mahesh Babu Foundation) के साथ पांच साल के लिए एक सहयोग और एग्जीक्यूशन समझौता किया है। इस समझौते का मकसद हेल्थ सर्विस, शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में लोगों के लिए लंबे समय तक फायदा पहुंचाने वाली योजनाएं शुरू करना और पहले से चल रही योजनाओं का विस्तार करना है।

कंपनी ने बताया कि इस साझेदारी के तहत ब्लू क्लाउड अपनी AI टेक्नोलॉजी, डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म और फंडिंग से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराएगी। कंपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड और ग्रांट देने वाली संस्थाओं से संपर्क स्थापित करने में भी मदद करेगी। वहीं, महेश बाबू फाउंडेशन इन योजनाओं को जमीन पर लागू करने की जिम्मेदारी संभालेगा। फाउंडेशन अपने स्थानीय नेटवर्क और समुदायों तक पहुंच का इस्तेमाल करेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इन योजनाओं का फायदा मिल सके।

कंपनी ने बताया कि इस साझेदारी में स्वास्थ्य जांच, बीमारियों से बचाव, डिजिटल हेल्थ सेवाएं, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भविष्य में दोनों संस्थाएं आपसी सहमति से दूसरे क्षेत्रों में भी काम कर सकती हैं।

ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड के ग्रुप चेयरमैन तेजेश कुमार कोडाली ने कहा कि टेक्नोलॉजी का सबसे ज्यादा फायदा तब होता है, जब यह उन लोगों तक पहुंचती है जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने बताया कि महेश बाबू फाउंडेशन के साथ मिलकर कंपनी पहले ही GMB Life ऐप के जरिए आम लोगों तक बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य जांच से जुड़ी सुविधाएं पहुंचा रही है।

Read more!
Advertisement