Blue Cloud Softech को SpaceX से मिला ₹1425 करोड़ का ऑर्डर, शेयर पर निवेशकों की नजर
शेयर बाजार में तेजी के बीच एक आईटी कंपनी को अमेरिकी स्पेस कंपनी SpaceX से बड़ा अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिला है। इस डील में AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर, साइबर सिक्योरिटी और टेलीकॉम सेवाएं शामिल हैं।

Stock in Focus: शेयर बाजार में जारी तेजी के बीच आईटी कंपनी, Blue Cloud Softech Solutions Ltd का शेयर आज निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने बाजार खुलने से ठीक पहले अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है जिसके बाद स्टॉक फोकस में है।
कंपनी ने अपनी फाइलिंग में बताया कि Blue Cloud Softech Solutions Limited को SpaceX International Ltd, Labuan से 150 मिलियन डॉलर (करीब 1,425 करोड़ रुपये) का अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर के तहत कंपनी 100 मिलियन डॉलर (करीब 950 करोड़ रुपये) की AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर सेवाएं, 25 मिलियन डॉलर (करीब 237.5 करोड़ रुपये) की साइबर सिक्योरिटी और 25 मिलियन डॉलर (करीब 237.5 करोड़ रुपये) की टेलीकम्युनिकेशन सेवाएं देगी।
यह ऑर्डर कंपनी की अमेरिकी शाखा Blue Cloud USA को मिला है, जो इंडोनेशिया में अपनी सहायक कंपनी PT SUHANA TT के जरिए सर्विस दे रही है। कंपनी के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में दी गई सर्विस को SpaceX ने स्वीकार कर लिया है और 30 अक्टूबर को इसके लिए सर्टिफिकेट ऑफ सर्विसेज रेंडर्ड एंड एक्सेप्टेंस जारी किया है।
इस महीने स्वीकार की गई सर्विस के बदले कंपनी ने 1 करोड़ डॉलर (करीब 95 करोड़ रुपये) का इनवॉइस भी जारी किया है। ऑर्डर की कुल कीमत कंपनी के वित्त वर्ष 2025-26 के 1,002 करोड़ रुपये के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू का करीब 142 फीसदी है, जबकि अक्टूबर का इनवॉइस इसी रेवेन्यू का लगभग 9.5 फीसदी है।
Blue Cloud Softech Share Price
कंपनी का शेयर दोपहर 12:54 बजे तक बीएसई पर 0.38% या 0.07 रुपये चढ़कर 18.53 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 0.33% या 0.06 रुपये की तेजी के साथ 18.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
हाल ही में कंपनी ने दी थी ये जानकारी
कंपनी ने हाल ही में अपने एक फाइलिंग में बताया था कि उसकी अमेरिका स्थित पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी Global Impx Inc. (GIX) ने IBM Cloud Inc. के लिए करीब ₹147 करोड़ (1.55 करोड़ डॉलर) के AI इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है।
Global Impx Inc. को IBM Cloud Inc. के लिए AI इंफ्रास्ट्रक्चर डिजाइन, डिपलॉयमेंट और सपोर्ट सर्विस का काम मिला है। इसके तहत अमेरिका के न्यू जर्सी में AI इंफ्रास्ट्रक्चर वातावरण को डिजाइन, तैनात, कॉन्फिगर, इंटीग्रेट और टेस्ट किया जाएगा। इसके अलावा प्रोजेक्ट के तहत सुरक्षा, मॉनिटरिंग और सपोर्ट की सेवाएं भी दी जाएंगी। इस इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल AI मॉडल की ट्रेनिंग और इन्फरेंस के लिए किया जाएगा।