AI डील की खबर से रॉकेट बना यह IT शेयर! SpaceX के साथ चर्चा की जानकारी के बाद 19% उछला स्टॉक
सुबह 11:17 बजे तक कंपनी के 1,11,74,284 (1.11 करोड़) इक्विटी शेयरों में ट्रेड हुआ है। शेयर में आज यह तेजी कंपनी द्वारा आज दिए गए एक अपडेट के बाद आई है।

IT Stock: स्मॉल कैप आईटी कंपनी, ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Blue Cloud Softech Solutions Ltd) के शेयर में आज बंपर तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी का शेयर आज 19% से ज्यादा चढ़कर ट्रेड कर रहा है।
सुबह 11:17 बजे तक कंपनी के 1,11,74,284 (1.11 करोड़) इक्विटी शेयरों में ट्रेड हुआ है। शेयर में आज यह तेजी कंपनी द्वारा आज दिए गए एक अपडेट के बाद आई है। कंपनी ने आज बाजार खुलने से पहले अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में संभावित कारोबारी अवसरों को लेकर SpaceX International Ltd. के साथ शुरुआती स्तर पर चर्चा कर रही है।
फिलहाल दोनों कंपनियों के बीच केवल जानकारी शेयर करने और संभावित सहयोग के क्षेत्रों का आकलन करने के लिए एक फ्रेमवर्क तैयार किया गया है। कंपनी का मानना है कि AI और डिजिटल टेक्नोलॉजी की बढ़ती मांग भविष्य में बड़े अवसर पैदा कर सकती है।
हालांकि BCSSL ने स्पष्ट किया है कि यह चर्चा पूरी तरह शुरुआती और नॉन-बाइंडिंग है, यानी इससे किसी संयुक्त उद्यम (JV), निवेश, साझेदारी या किसी अंतिम समझौते की गारंटी नहीं बनती।
Blue Cloud Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 11:20 बजे तक बीएसई पर 19.05% या 3.44 रुपये की तेजी के साथ 21.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
Blue Cloud के बारे में
Blue Cloud Softech Solutions Limited एक टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो डिजिटल और क्लाउड आधारित सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, क्लाउड टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे उभरते क्षेत्रों में नए कारोबारी अवसरों की तलाश कर रही है। कंपनी का फोकस आधुनिक तकनीक के जरिए ग्राहकों को बेहतर समाधान और सेवाएं उपलब्ध कराना है।