इस आईटी कंपनी ने लॉन्च किया भारत का पहला AI मल्टी-लिंगुअल FIR एप! शेयर में 2% से ज्यादा की तेजी
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि इसे भारत का पहला AI आधारित मल्टी-लिंगुअल शिकायत रिकॉर्डिंग एप बताया जा रहा है। इसका उद्घाटन हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने तेलंगाना इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (TGICCC), बंजारा हिल्स में किया।

IT Stock: स्मॉल कैप आईटी कंपनी, Blue Cloud Softech Solutions Limited (BCSSL) ने आज अपने निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है। कंपनी ने आज अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि Blue Cloud Softech Solutions Limited (BCSSL) ने हैदराबाद सिटी पुलिस के आईटी सेल के साथ मिलकर 'AI-CopWriter' लॉन्च किया है।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि इसे भारत का पहला AI आधारित मल्टी-लिंगुअल शिकायत रिकॉर्डिंग एप बताया जा रहा है। इसका उद्घाटन हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने तेलंगाना इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (TGICCC), बंजारा हिल्स में किया। इस एप की मदद से कोई भी व्यक्ति अपनी मातृभाषा में शिकायत बोल सकता है और यह कुछ ही सेकंड में उसे अपने आप FIR के ड्राफ्ट में बदल देता है।
यह सिस्टम 10 प्रमुख भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है और भाषा को अपने आप पहचान लेता है। तैयार होने वाली PDF में FIR नंबर, शिकायतकर्ता और आरोपी का नाम, शिकायत दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारी का नाम और बैज नंबर, पुलिस स्टेशन और संबंधित कानूनी धाराएं अपने आप दर्ज होती हैं।
साथ ही यह टैम्पर-एविडेंट (छेड़छाड़ का पता चलने वाली) PDF होती है, जिससे रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। इस एप का मकसद भाषा की वजह से किसी भी नागरिक को न्याय पाने में दिक्कत न हो, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तेज हो और जांच के लिए सटीक रिकॉर्ड तैयार हो। हैदराबाद पुलिस इसे शहर के सभी पुलिस स्टेशनों में लागू करने की तैयारी कर रही है।
BCSSL के ग्रुप चेयरमैन तेजेश कुमार कोडाली ने कहा कि यह तकनीक बुजुर्गों, प्रवासी मजदूरों और दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के लिए बड़ी मदद साबित होगी और भविष्य में इसे देशभर की पुलिस और सरकारी एजेंसियों तक पहुंचाया जा सकता है। कंपनी ने यह भी कहा कि AI-CopWriter को जिम्मेदार AI सिद्धांतों और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट, 2023 के नियमों का पालन करते हुए बनाया गया है।
Blue Cloud Softech Share Price
कंपनी द्वारा जारी किए गए इस अपडेट के बाद स्टॉक आज 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर ट्रेड कर रहा है। सुबह 10:42 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.96% या 0.42 रुपये चढ़कर 21.87 रुपये पर कारोबर कर रहा था।