₹4 करोड़ लगाएगी कंपनी, भुवनेश्वर में बनेगा AI सेंटर; सरकारी ऐलान के बाद IT स्टॉक चमका

आईटी सेक्टर की कंपनी ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस को AI के क्षेत्र में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। कंपनी को भुवनेश्वर में बनने वाले IndiaAI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए इंडस्ट्री पार्टनर बनाया गया है। इस खबर के बाद शेयर में तेजी देखी गई। कंपनी की नई भूमिका और निवेश से जुड़ी पूरी जानकारी जानिए।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

आईटी सेक्टर की कंपनी, ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Blue Cloud Softech Solutions Ltd) ने आज बाजार खुलने से ठीक 5 मिनट पहले निवेशकों को बड़ी जानकारी दी है जिसके बाद कंपनी का शेयर एनएसई पर 2.20% या 0.42 रुपये की तेजी के साथ 19.55 रुपये पर ट्रडे कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 1.88% या 0.36 रुपये चढ़कर 19.54 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

कंपनी ने आज अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तहत काम करने वाली संस्था सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) से फॉर्मल कन्फर्मेशन मिल गई है। कंपनी को ओडिशा के भुवनेश्वर में स्थापित होने वाले इंडियाAI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (AI-CoE) के लिए इंडस्ट्री पार्टनर बनाया गया है।

STPI ने कंपनी के ग्रुप चेयरमैन तेजेश कुमार कोडाली और मैनेजिंग डायरेक्टर एवं ग्रुप सीईओ विनोद बाबू बोलिकोंडा को इसकी जानकारी दी है। ओडिशा सरकार की सिफारिश पर प्रस्तावित इस सेंटर को MeitY से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। अब STPI ने कंपनी से अंतिम समझौता ज्ञापन (MoU) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।

प्रस्तावित समझौते के तहत ब्लू क्लाउड सेंटर के विकास के लिए 4 करोड़ रुपये का वित्तीय योगदान देगी। इसके अलावा, कंपनी उभरते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप्स को उद्योग से जुड़ी सलाह, मार्गदर्शन, मेंटरशिप और रणनीतिक सहयोग प्रदान करेगी।

भुवनेश्वर में बनने वाला यह सेंटर AI इनोवेशन, स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने, तकनीकी क्षमता विकसित करने और जिम्मेदार एवं बड़े स्तर पर इस्तेमाल होने वाले AI समाधानों को तैयार करने के लिए एक वैश्विक मंच के रूप में काम करेगा। यहां हेल्थकेयर, सरकारी सेवाओं, आपदा प्रबंधन, शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े AI समाधानों पर काम किया जाएगा।

कंपनी ने फाइलिंग में बताया कि MeitY की सलाह के अनुसार, सेंटर ओडिशा की खास भौगोलिक और विकास संबंधी जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों पर भी ध्यान देगा। इनमें समुद्र विज्ञान, तटीय मत्स्य पालन, ज्वारीय और समुद्री ऊर्जा तथा महिलाओं एवं बच्चों के विकास से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं।

STPI ने इस सेंटर की स्थापना और संचालन के लिए करीब 10,000 वर्ग फुट की निर्मित जगह और जरूरी बुनियादी सुविधाएं निर्धारित की हैं। यह सेंटर भारत सरकार के इंडियाAI मिशन के तहत विकसित किया जा रहा है। इस मिशन का उद्देश्य देश में स्वदेशी AI कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना और पूरे भारत में AI इनोवेशन का मजबूत इकोसिस्टम बनाना है।

ब्लू क्लाउड की इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में भूमिका उसके पहले से संचालित AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आधारित होगी। हेल्थकेयर क्षेत्र में कंपनी का BluHealth प्लेटफॉर्म बिना किसी शारीरिक संपर्क के कैमरे के जरिए स्वास्थ्य संबंधी जरूरी संकेतों की जांच करता है।

सार्वजनिक सुरक्षा और सरकारी सेवाओं के लिए कंपनी Blura SAGA और SOCEYE प्लेटफॉर्म संचालित करती है। इसके अलावा, Access Genie उसका स्वदेशी AI और 5G डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म है। कंपनी इन प्लेटफॉर्म्स, अपने इंजीनियरिंग विशेषज्ञों और कॉरपोरेट एवं सरकारी ग्राहकों के नेटवर्क का इस्तेमाल सेंटर में विकसित होने वाले स्टार्टअप्स की मदद के लिए करना चाहती है।

Read more!
Advertisement