एयरटेल के शेयरधारकों की होगी चांदी? 2029 तक कंपनी कर सकती है शेयरबायबैक - डिटेल्स
भारती एयरटेल ने पिछले पांच साल में निवेशकों को 209 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। अब कंपनी के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने 2029 तक कर्जमुक्त होने और शेयर बायबैक शुरू करने का संकेत दिया है। पढ़िए पूरी डिटेल

टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने पिछले पांच साल में अपने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। इस दौरान कंपनी के शेयर में 209 फीसदी की तेजी आई, जबकि निफ्टी ने 39.80 फीसदी का रिटर्न दिया। अब कंपनी के फाउंडर और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने शेयर बायबैक को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उनके मुताबिक, एयरटेल 2029 तक शेयर बायबैक शुरू करने की स्थिति में पहुंच सकती है।
2029 तक कर्जमुक्त हो सकती है Airtel
मिंट के दिए इंटरव्यू में सुनील भारती मित्तल ने बताया कि एयरटेल की बैलेंस शीट पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी 2029 तक कर्जमुक्त हो जाएगी।
मित्तल के मुताबिक, अगर कंपनी सालाना 14-15 अरब डॉलर का EBITDA हासिल करती है, तो उसकी कर्ज लेने की क्षमता काफी मजबूत होगी। ऐसे में नए शेयर जारी करके पूंजी जुटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और कंपनी शेयर बायबैक पर विचार कर सकेगी।
शेयर बायबैक में कंपनी बाजार से अपने ही शेयर वापस खरीदती है। इससे बाजार में उपलब्ध शेयरों की संख्या घट सकती है।
मुनाफा ₹50,000 करोड़ के पार जाने का अनुमान
ब्लूमबर्ग के सर्वसम्मत अनुमानों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 में एयरटेल का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 42.83 फीसदी बढ़कर ₹38,130 करोड़ पहुंच सकता है।
Citi, Jefferies, Morgan Stanley और Nomura जैसे ब्रोकरेज ने एयरटेल पर Buy या Overweight रेटिंग दी है। शेयर का औसत 12 महीने का टारगेट ₹2,374 है, जो करीब 12 फीसदी तेजी की संभावना दिखाता है।
डिविडेंड से भी निवेशकों की कमाई
एयरटेल लगातार डिविडेंड देने वाली कंपनी रही है। AceEquity के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी की डिविडेंड यील्ड FY21 के 0.4 फीसदी से बढ़कर FY26 में 1.35 फीसदी पहुंच गई।
रेटिंग एजेंसी S&P ने अनुमान लगाया था कि कंपनी का कुल कैश डिविडेंड FY27 में ₹23,000 करोड़ और FY28 में ₹35,000 करोड़ तक पहुंच सकता है।
सितंबर तिमाही में एयरटेल का नेट डेट टू EBITDA अनुपात घटकर 1.18 गुना रह गया, जो एक साल पहले 1.63 गुना था। कंपनी का ARPU भी ₹271 रहा।
Jio की एंट्री के बाद 636% चढ़ा शेयर
सितंबर 2016 में रिलायंस जियो की एंट्री के बाद से एयरटेल के शेयर ने करीब 636 फीसदी रिटर्न दिया है। सुनील मित्तल ने बताया कि जियो की मुफ्त सेवाओं के कारण 2017-18 में एयरटेल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उस दौरान शेयर ₹220 तक गिर गया था।