जनवरी के बाद पहली बार भारत पर बुलिश हुए एशियाई फंड मैनेजर! आखिर क्यों बदल गई निवेश की चाल?
ब्लूमबर्ग ने बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) के रिपोर्ट के हवाले से बताया कि एशियाई फंड मैनेजर जनवरी के बाद पहली बार भारतीय शेयरों पर ओवरवेट (Overweight) हुए हैं। इसके साथ ही निवेशक टेक्नोलॉजी शेयरों के दबदबे वाले उत्तर एशियाई बाजारों में अपनी तेजी की पोजीशन घटा रहे हैं।

भारतीय शेयर बाजार को लेकर एशिया के बड़े फंड मैनेजरों का नजरिया बदलने लगा है। साल की शुरुआत में भारत जिन बाजारों में निवेशकों की सबसे कम पसंद था, अब उन्हीं बाजारों में इसकी स्थिति मजबूत हो रही है।
ब्लूमबर्ग ने बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) के रिपोर्ट के हवाले से बताया कि एशियाई फंड मैनेजर जनवरी के बाद पहली बार भारतीय शेयरों पर ओवरवेट (Overweight) हुए हैं। इसके साथ ही निवेशक टेक्नोलॉजी शेयरों के दबदबे वाले उत्तर एशियाई बाजारों में अपनी तेजी की पोजीशन घटा रहे हैं।
भारत पर क्यों बढ़ा फंड मैनेजरों का भरोसा?
बैंक ऑफ अमेरिका ने 6 से 12 नवंबर के बीच फंड मैनेजरों का सर्वे किया। इसमें नेट 5% फंड मैनेजर भारतीय इक्विटी पर ओवरवेट नजर आए। इसका मतलब है कि भारतीय शेयरों में सामान्य बेंचमार्क के मुकाबले ज्यादा निवेश रखने वाले फंड मैनेजरों का पलड़ा भारी हो गया है।
सर्वे के मुताबिक, एशिया में जापान, ताइवान और दक्षिण कोरिया के बाद भारत चौथा सबसे पसंदीदा बाजार बन गया है। यह बदलाव इसलिए भी अहम है क्योंकि इस साल की शुरुआत में भारत एशिया के सबसे कम पसंद किए जाने वाले बाजारों में शामिल था।
AI शेयरों से क्यों दूरी बना रहे निवेशक?
बैंक ऑफ अमेरिका के मुताबिक, नवंबर में आर्थिक विकास और कंपनियों के मुनाफे को लेकर फंड मैनेजरों की उम्मीदों में तेज गिरावट आई है।
BofA के एनालिस्ट कास्पर लैम और उनकी टीम ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इसके पीछे ब्याज दरों को लेकर चिंता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में आई गिरावट हो सकती है।
बैंक के एनालिस्ट्स का कहना है कि निवेशक अब धीरे-धीरे AI से जुड़े शेयरों से पैसा निकालकर डिफेंसिव सेक्टर की तरफ रुख कर रहे हैं। यानी ऐसे सेक्टर, जिन्हें बाजार की अनिश्चितता के बीच अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।
किन सेक्टरों पर फंड मैनेजरों की नजर?
सर्वे में हेल्थकेयर, सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी हार्डवेयर फंड मैनेजरों की पसंद बनकर उभरे हैं। वहीं रियल एस्टेट और बेसिक मटेरियल्स सेक्टर को लेकर उनका नजरिया नकारात्मक है।
AI निवेश के अगले दौर को लेकर भी प्राथमिकताएं बदली हैं। मई में दक्षिण कोरिया को ज्यादा तरजीह मिल रही थी, लेकिन अब जापान उससे आगे निकल गया है।